किशोरी की जहर खाने से मौत मामले में बड़ी कार्रवाई, रूम पार्टनर के माता-पिता गिरफ्तार, वीडियो बना अहम साक्ष्य
पुलिस की सांकेतिक तस्वीर.
Bhagalpur News : भागलपुर में किशोरी की जहर खाने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है. रूम पार्टनर के माता-पिता को गिरफ्तार किया गया है, और मौत से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो को अहम सबूत माना जा रहा है.
Bhagalpur News : तातारपुर थाना क्षेत्र के उर्दू बाजार स्थित काली मंदिर के पीछे किराये के कमरे में रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी की जहर खाने से हुई मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है. मृतका की मां के लिखित आवेदन पर तातारपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपितों में शामिल किशोरी की रूम पार्टनर के पिता लालमोहन ठाकुर और उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है.
मौत से पहले रिकॉर्ड किए वीडियो की हो रही जांच
पुलिस के अनुसार, घटना से पहले किशोरी ने जहर खाने के बाद अपने मोबाइल से दो वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए थे. इन वीडियो में उसने अपने साथ रहने वाली रूम पार्टनर के पिता, उनकी पत्नी और उनकी पुत्री पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था. उसने यह भी कहा था कि पिछले करीब दस दिनों से उसे लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था. पुलिस इन वीडियो की सत्यता और अन्य साक्ष्यों के साथ उनकी जांच कर रही है.
इलाज के दौरान हुई थी किशोरी की मौत
वीडियो सामने आने के बाद गंभीर हालत में किशोरी को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मायागंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों ने आरोप लगाया कि जब वे किराये के कमरे पर पहुंचे तो किशोरी का सामान बाहर रखा हुआ था और कमरे में ताला लगा था. उन्होंने मारपीट का आरोप भी लगाया.
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, जांच जारी
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया. घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य भी एकत्र किए हैं. पुलिस सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो, परिजनों और आरोपित पक्ष के बयान तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.
जांच के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
तातारपुर थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है. अब तक दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है. उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुरूप आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए