टीएमबीयू : दो सत्र पिछड़ा एमएड, एक साथ नामांकन की मांग तेज, बीएड पास छात्रों का भविष्य अधर में

Updated:
विज्ञापन
तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय  | Prabhat Khabar Network

तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय  | Prabhat Khabar Network

TMBU M.Ed Admission : तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) में एमएड पाठ्यक्रम के दो सत्र बैकलॉग में चल रहे हैं, जिससे बीएड उत्तीर्ण विद्यार्थियों की चिंता बढ़ गई है. वर्तमान में सत्र 2024-26 संचालित है, लेकिन 2025-27 और 2026-28 में नामांकन शुरू नहीं हुआ है.

विज्ञापन

TMBU M.Ed Admission : तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) में एमएड पाठ्यक्रम का शैक्षणिक सत्र दो बैकलॉग होने से बीएड उत्तीर्ण विद्यार्थियों की चिंता बढ़ गई है. वर्तमान में विश्वविद्यालय में एमएड का सत्र 2024-26 संचालित हो रहा है, जबकि सत्र 2025-27 और 2026-28 में अब तक नामांकन शुरू नहीं हो सका है. इससे उच्च शिक्षा की राह देख रहे छात्र-छात्राओं के सामने अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है.

डीएसडब्ल्यू को सौंपा आवेदन, जल्द नामांकन की मांग

घंटाघर स्थित टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज के बीएड छात्र सुमीरन शरण ने विश्वविद्यालय की डीएसडब्ल्यू प्रो. अर्चना साह को आवेदन देकर एमएड में जल्द नामांकन प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की है. आवेदन में कहा गया है कि बीएड सत्र 2024-26 का परिणाम जारी हुए एक महीने से अधिक समय बीत चुका है और बड़ी संख्या में विद्यार्थी एमएड में प्रवेश लेना चाहते हैं, लेकिन सत्र लंबित रहने से उन्हें इंतजार करना पड़ रहा है.

जीरो सेशन या दोनों सत्रों में एक साथ नामांकन की मांग

छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से आग्रह किया है कि छात्रहित को ध्यान में रखते हुए एमएड में जीरो सेशन घोषित किया जाए या फिर सत्र 2025-27 और 2026-28 दोनों में एक साथ नामांकन शुरू किया जाए. उनका कहना है कि इससे वर्षों से चला आ रहा शैक्षणिक बैकलॉग कम होगा और विद्यार्थियों को समय पर उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा.

देरी से करियर पर पड़ रहा सीधा असर

आवेदन में छात्रों ने कहा है कि लगातार हो रही देरी से न केवल उनकी आगे की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, बल्कि शिक्षक बनने की दिशा में उनका करियर भी प्रभावित हो रहा है. यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो विद्यार्थियों को एक और शैक्षणिक वर्ष का नुकसान उठाना पड़ सकता है. छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है. इस संबंध में डीएसडब्ल्यू प्रो. अर्चना साह का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका.

1600 बीएड पास, लेकिन केवल 50 सीटों पर एमएड की पढ़ाई

विद्यार्थियों के अनुसार जिले भर में बीएड सत्र 2024-26 के लगभग 1600 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए हैं. टीएमबीयू में केवल टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज में एमएड की पढ़ाई होती है, जहां मात्र 50 सीटें निर्धारित हैं. दो सत्रों में नामांकन नहीं होने से लगभग 100 विद्यार्थी एमएड में प्रवेश से वंचित हैं. छात्रों का कहना है कि शिक्षक बनने के लिए एमएड एक महत्वपूर्ण पाठ्यक्रम है, इसलिए विश्वविद्यालय को जल्द निर्णय लेकर लंबित सत्रों को नियमित करना चाहिए.


विज्ञापन
आरफीन जुबैर

लेखक के बारे में

By आरफीन जुबैर

आरफीन जुबैर प्रिंट माध्यम में पिछले 16 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा और खेल में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन