प्रेम संबंध टूटने के बाद किशोरी ने खाया कीटनाशक, मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत

विज्ञापन
मायागंज अस्पताल.

मायागंज अस्पताल.

Bhagalpur News : गोड्डा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ प्रेम संबंध टूटने से आहत एक 16 वर्षीय किशोरी ने सल्फास खाकर अपनी जान दे दी. परिजनों के समझाने के बावजूद वह प्रेमी से मिलने गई थी, लेकिन शादी से इंकार पर उसने यह दुखद कदम उठाया. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.

विज्ञापन

Bhagalpur News : गोड्डा जिले के हनवारा थाना क्षेत्र के खुर्द डुमरिया गांव की 16 वर्षीय किशोरी की सल्फास खाने के बाद हालत गंभीर हो गई. परिजन उसे इलाज के लिए पहले स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां से बेहतर इलाज के लिए जेएलएनएमसीएच, मायागंज रेफर किया गया. अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. सोमवार को बरारी कैंप थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर आगे की जांच शुरू कर दी.

परिजनों को पहले से थी प्रेम संबंध की जानकारी

परिजनों के अनुसार किशोरी का गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध था. कुछ समय पहले इसकी जानकारी मिलने पर परिवार ने उसे समझाया था और युवक से दूरी बनाने की सलाह दी थी. इसके बावजूद दो दिन पहले दोनों की गांव के पास एक बासा पर मुलाकात हुई थी, जिसकी जानकारी परिवार और ग्रामीणों को भी हो गई थी. इसके बाद किशोरी ने युवक से शादी करने की इच्छा जताई, लेकिन परिजन उसे समझाने का प्रयास करते रहे.

शादी से इनकार के बाद उठाया आत्मघाती कदम

परिजनों का कहना है कि शनिवार रात किशोरी ने युवक पर शादी करने का दबाव बनाया, लेकिन युवक ने कथित तौर पर शादी से इनकार करते हुए संबंध समाप्त करने की बात कह दी. इसके बाद रविवार सुबह करीब 7:30 बजे किशोरी ने घर में रखी कीटनाशक की गोली खा ली. उस समय उसके पिता खेत पर काम करने गए थे. घर लौटने पर उन्होंने बेटी को उल्टी करते और पेट दर्द से तड़पते देखा.

सनहौला अस्पताल से किया गया मायागंज रेफर

घटना के बाद परिजन किशोरी को तत्काल सनहौला अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जेएलएनएमसीएच, मायागंज रेफर कर दिया. डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

पोस्टमार्टम के बाद पुलिस कर रही हर पहलू की जांच

सोमवार को बरारी कैंप थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों से पूछताछ शुरू की. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन
ऋषव मिश्रा कृष्णा

लेखक के बारे में

By ऋषव मिश्रा कृष्णा

ऋषव मिश्रा कृष्णा प्रिंट माध्यम में पिछले 22 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के भागलपुर कार्यालय में काम कर रहे हैं. फिल्म, शिक्षा और गीत लेखन में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन