भागलपुर में 119 बोतल कोरेक्स सिरप बरामद, पुलिस को देखते ही भागने लगा युवक : गिरफ्तार
कफ सिरप के साथ गिरफ्तार आरोपित और मोजाहिदपुर पुलिस | Prabhat Khabar Network
नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष अभियान में मोजाहिदपुर पुलिस ने 119 बोतल कोरेक्स सिरप के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई "स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर" अभियान के तहत हुई है.
भागलपुर : नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत मोजाहिदपुर पुलिस ने 119 बोतल कोरेक्स सिरप के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, उसके पास से एक मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल भी बरामद की गयी है. गिरफ्तार युवक की पहचान बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के इस्लामनगर निवासी मो. अफजल अली, पिता मो. इब्राहिम के रूप में हुई है.
ट्रांसफार्मर के पास नशीले पदार्थ की बिक्री की मिली सूचना
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को मोजाहिदपुर थाना को सूचना मिली थी कि थाना के समीप ट्रांसफार्मर के पास नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित की गयी.
पुलिस अधीक्षक नगर की निगरानी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-02 और मोजाहिदपुर थानाध्यक्ष को टीम में शामिल किया गया.
पुलिस को देखते ही भागने लगा युवक
गठित टीम सूचना के आधार पर थाना के समीप ट्रांसफार्मर के पास पहुंची. पुलिस के अनुसार, टीम को देखते ही वहां मौजूद एक युवक भागने लगा. पुलिस बल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. पूछताछ के बाद उसकी तलाशी ली गयी, जिसमें कोरेक्स सिरप बरामद हुआ.
11.9 लीटर यानी 119 बोतल सिरप जब्त
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक के पास से कुल 11.9 लीटर यानी 119 बोतल कोरेक्स सिरप बरामद हुआ. इसके अलावा एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गयी. पुलिस ने मो. अफजल अली को गिरफ्तार कर लिया.
‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ अभियान के तहत कार्रवाई
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए ‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस के अनुसार, अभियान के तहत नशीले पदार्थों और अवैध शराब के हॉट-स्पॉट चिह्नित कर लगातार छापेमारी की जा रही है.
संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज
गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ मोजाहिदपुर थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. छापेमारी दल में थानाध्यक्ष सह पुलिस अवर निरीक्षक सरोज कुमार, अपर थानाध्यक्ष सह पुलिस अवर निरीक्षक धमेंद्र कुमार मंडल, सिपाही संदीप कुमार, महिला सिपाही पुष्पा कुमारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए