राजेंद्र पुल पर डबल लाइन जोड़ने का काम, भागलपुर की कई ट्रेनें रद्द और डायवर्ट : देखें पूरी लिस्ट
सांकेतिक तस्वीर
राजेंद्र पुल स्टेशन पर डबल लाइन जोड़ने के काम से भागलपुर से चलने और गुजरने वाली कई ट्रेनें रद्द और डायवर्ट रहेंगी. निर्माण कार्य 21 सितंबर से शुरू होकर 4 अक्टूबर तक चलेगा, जिससे गरीब रथ, अमरनाथ एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें प्रभावित होंगी.
भागलपुर : पूर्व मध्य रेलवे के राजेंद्र पुल स्टेशन पर नये पुल को डबल लाइन से जोड़ने और दिनकर ग्राम सिमरिया-बरौनी के बीच मुख्य लाइन कनेक्शन का काम किया जायेगा. इसके लिए राजेंद्र पुल, हाथीदह जंक्शन अपर, टाल, रामपुर डुमरा और दिनकर ग्राम सिमरिया स्टेशनों पर प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य कराया जायेगा. प्री-एनआई कार्य 21 सितंबर से शुरू होगा, जबकि एनआई कार्य 4 अक्टूबर तक चलेगा. निर्माण कार्य के कारण भागलपुर से चलने और गुजरने वाली कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा.
गरीब रथ समेत कई ट्रेनें रहेंगी डायवर्ट
रेलवे की सूचना के अनुसार 22405 भागलपुर-आनंद विहार टर्मिनल गरीब रथ एक्सप्रेस 22, 24, 26, 29 सितंबर तथा 1 और 3 अक्टूबर को किऊल-गया-ग्रैंड कॉर्ड लाइन से डायवर्ट होकर चलेगी.
वहीं 22406 आनंद विहार टर्मिनल-भागलपुर गरीब रथ एक्सप्रेस 21, 23, 25, 28, 30 सितंबर तथा 2 अक्टूबर को ग्रैंड कॉर्ड-किऊल-गया लाइन से चलेगी.
इसके अलावा:
- 15097 भागलपुर-जम्मूतवी अमरनाथ एक्सप्रेस 24 सितंबर और 1 अक्टूबर को रतनपुर-मुंगेर-बरौनी होकर चलेगी.
- 15098 जम्मूतवी-भागलपुर अमरनाथ एक्सप्रेस 22 और 29 सितंबर को बरौनी-मुंगेर-रतनपुर होकर चलेगी.
- 13402 दानापुर-भागलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस 3 अक्टूबर को बख्तियारपुर-बिहारशरीफ-शेखपुरा-किऊल होकर डायवर्ट होगी.
- 22947 सूरत-भागलपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस 22, 26 और 29 सितंबर को इसी वैकल्पिक मार्ग से चलेगी.
भागलपुर-मुजफ्फरपुर जनसेवा समेत कई ट्रेनें रद्द
निर्माण कार्य के कारण 13419/13420 भागलपुर-मुजफ्फरपुर-भागलपुर जनसेवा एक्सप्रेस 25 सितंबर से 4 अक्टूबर तक रद्द रहेगी.
इसी तरह 13423 भागलपुर-अजमेर साप्ताहिक हमसफर एक्सप्रेस 24 सितंबर और 1 अक्टूबर को तथा 13424 अजमेर-भागलपुर हमसफर एक्सप्रेस 26 सितंबर और 3 अक्टूबर को रद्द रहेगी.
वहीं 12367 भागलपुर-आनंद विहार टर्मिनल विक्रमशिला एक्सप्रेस 3 अक्टूबर को भागलपुर स्टेशन से तीन घंटे विलंब से रवाना होगी.
लंबी दूरी की ट्रेनों का भी बदला रूट
रेलवे ने 13019 हावड़ा-काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस को 25 सितंबर से 3 अक्टूबर तक और 13021 हावड़ा-रक्सौल मिथिला एक्सप्रेस को 2 और 3 अक्टूबर को बरौनी-मुंगेर-भागलपुर-साहिबगंज-रामपुरहाट मार्ग से चलाने का निर्णय लिया है. इन ट्रेनों को भागलपुर, साहिबगंज और रामपुरहाट में अतिरिक्त ठहराव भी दिया जायेगा.
वापसी दिशा की 13020 और 13022 ट्रेनों का मार्ग भी बदला गया है.
64 ट्रेनें अलग-अलग तिथियों में रहेंगी रद्द
रेलवे के अनुसार निर्माण कार्य के दौरान अलग-अलग तिथियों में कुल 64 ट्रेनों को रद्द किया गया है. कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है, जबकि एक जोड़ी मेमू ट्रेन को किऊल तक सीमित किया गया है.
63571 जसीडीह-मोकामा मेमू 20 सितंबर से 4 अक्टूबर तक किऊल में शॉर्ट टर्मिनेट होगी. वहीं 63572 मोकामा-जसीडीह मेमू 21 सितंबर से 5 अक्टूबर तक किऊल से ही चलेगी.
रेलवे ने यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की निर्धारित तिथि और परिचालन स्थिति की पुष्टि करने की सलाह दी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए