वार्ड में कूड़ा और पार्षद चले गंगटोक
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :14 Feb 2024 8:11 PM (IST)
विज्ञापन

निगम. शहर के लोगों ने कहा, पार्षद पहले शहर को बनाये गंगटोक जैसा, तभी जायें ऐसी जगह भागलपुर : नगर निगम चुनाव को लेकर आरक्षण रोस्टर जारी हो चुका है. जिला निर्वाचन विभाग ने मतदाता सूची भी तैयार कर ली है. चुनाव की घोषणा चुनाव आयोग द्वारा होने ही वाली है. अपने इस कार्यकाल के […]
विज्ञापन
निगम. शहर के लोगों ने कहा, पार्षद पहले शहर को बनाये गंगटोक जैसा, तभी जायें ऐसी जगह
भागलपुर : नगर निगम चुनाव को लेकर आरक्षण रोस्टर जारी हो चुका है. जिला निर्वाचन विभाग ने मतदाता सूची भी तैयार कर ली है. चुनाव की घोषणा चुनाव आयोग द्वारा होने ही वाली है. अपने इस कार्यकाल के आखिरी पड़ाव पर खड़े पार्षद नये कार्यकाल में प्रवेश कर पायेंगे या नहीं, यह अभी भविष्य के गर्भ में है. बावजूद इसके पार्षदों को गंगटोक घूमने जाने पर मुहर लगा दी गयी. यही नहीं, बजट में परिभ्रमण राशि का प्रावधान तक कर दिया गया. इस निर्णय को सुनते दूसरे ही दिन बुधवार को शहर में हर तरफ आलोचना हो रही है. लोग कह रहे हैं कि पार्षद भले ही गंगटोक घूमने जायें, लेकिन नगर निगम प्रशासन को यह तो सोचना ही होगा कि उनके परिभ्रमण के अनुभव का लाभ निगम क्षेत्र को मिल पायेगा कि नहीं.
दूसरी ओर देखें, तो नगर निगम क्षेत्र में अभी कूड़ा उठाव की नियमित प्रक्रिया लागू नहीं हो पायी है. गलियों में कई दिनों तक गंदगी पड़ी रह जाती है. नगर निगम डंपिंग यार्ड की शुरुआत नहीं कर पाया है. शहर से उठनेवाला कूड़ा शहर के प्रवेश द्वार पर या यत्र-तत्र गिरा दिया जा रहा है. 15 से अधिक ऑटो ट्रीपर, कंपेक्टर जैसी मशीन से कूड़े का उठाव भी हो रहा है, लेकिन सभी वार्ड में सफाई की स्थिति एकदम खराब है. जब से वार्ड चुनाव को लेकर नये वार्ड का रोस्टर जारी हुआ है,
तब से पार्षद अपने वार्ड में पहले जैसे सफाई पर ध्यान ही नहीं दे रहे हैं. चुनावी चर्चा पर गौर करें, तो कई पार्षद के वार्ड में आरक्षण में बदलाव हो जाने से वे चुनाव दूसरे वार्ड से लड़ने की सोच रहे, तो कई चुनाव नहीं भी लड़ेंगे. इन सभी कारणों से वार्ड में सफाई व्यवस्था ध्वस्त हो गयी है.
यह हुआ था फैसला : मंगलवार को निगम के सामान्य बोर्ड की बैठक आयोजित की गयी थी. बैठक में बजट पेश होने के बाद पार्षदों ने बाहर परिभ्रमण करने की आवाज उठायी. फिर तय हुआ कि गंगटोक घूमा जायेगा. इसके लिए मेयर ने एक टीम का भी गठन कर कर दिया है. वहीं पार्षदों के गंगटोक घूमने की अखबारों में आयी खबर पर शहर के लोग तीखी आलोचना कर रहे हैं.
फेसबुक, व्हाट्स एप पर भी प्रतिक्रिया : सोशल साइट्स फेसबुक और व्हाट्स एप पर भी बुधवार को सुबह से ही तरह-तरह के पोस्ट डाले जाने लगे. इस पर लोगों के तीखे कमेंट आने शुरू हो गये है. लोगों ने अपने कमेंट से परिभ्रमण के निर्णय को शहर के लिए गोबर में घी डालने जैसा बता रहे हैं.
सरकारी पैसा के दुरुपयोग के बदले वार्ड को सुंदर बनाने में लगायें निगम के पैसे
वार्ड में सफाई नहीं, जायेंगे घूमने : प्रो उग्र मोहन
बिहार आर्थिक परिषद के अध्यक्ष व जाने माने शिक्षाविद प्रो उग्र मोहन झा ने निगम पार्षदों के गंगटोक घूमने के निर्णय को दुखद और निंदनीय बताया. पार्षद पहले अपने वार्ड पर ध्यान दें, तभी बाहर की सैर को निकलें, वह भी अपने खर्च पर. पहले अपने शहर को तो गंगटोक जैसा बना दें, तभी बाहर घूमने जायेंगे तो इन्हें लगेगा कि हमारा शहर भी इतना ही सुंदर और विकसित है.
गंगा में कचरा, करेंगे
सैर : डॉ योगेंद्र
टीएनबी कॉलेज के हिंदी विभाग के शिक्षक डॉ योगेंद्र ने बताया कि 51 वार्डों में सफाई व्यवस्था ठीक नहीं है. कूड़ा-कचरा जहां-तहां बिखरा है और पार्षद गंगटोक घूमने का प्लान बनाने लगे हैं. जनता के प्रति इनकी कोई जिम्मेवारी ही नहीं. वार्ड और पूरे शहर का गंदा पानी नाली से होकर पतित पाविनी गंगा में गिर रहा है और पार्षद निगम के पैसे पर गंगटोक घूमने जायेंगे. यह दुखद है.
संदेह है कि अनुभव का लाभ मिलेगा : गिरधारी
वरिष्ठ पत्रकार गिरधारी लाल जोशी ने कहा कि नगर निगम का पार्षदों को गंगटोक घुमाने का फैसला कोई औचित्यपूर्ण नहीं है. अगर जाना ही था, तो पहले जाते. उसका लाभ भी शहर को मिलता. अब तो चुनाव होनेवाला है. ऐसे समय में यह निर्णय अप्रासंगिक है. इसमें कौन जीतेंगे, कौन हारेंगे, यह मतदाताओं पर निर्भर है. अब तो संदेह है कि पार्षदों के घूमने का लाभ शहर को मिल पायेगा.
पहले से बन रही थी योजना, अब तय
हुई : डिप्टी मेयर
डिप्टी मेयर डॉ प्रीति शेखर ने बताया कि पिछले चार साल से पार्षदों के बाहर घूमने जाने की योजना बन रही थी. लेकिन किसी न किसी कारणवश यह टूर रद्द हो जा रहा था. अब जाकर पांचवें साल में बाहर जाने का मौका मिलेगा. बाहर जाने से वहां कई चीजों को देखने का मौका मिलेगा. मेयर की अध्यक्षता में कमेटी का गठन कर दिया गया है. कमेटी में चार पार्षद हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










