अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार शिक्षक की मौत
Published by : SATISH KUMAR Updated At : 27 Sep 2025 6:30 PM
लौरिया-नरकटियागंज मुख्य मार्ग पर स्थित मटियरिया पुल के पास शुक्रवार की देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई.
लौरिया. लौरिया-नरकटियागंज मुख्य मार्ग पर स्थित मटियरिया पुल के पास शुक्रवार की देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब सात बजे नरकटियागंज की ओर से आ रहे बाइक चालक को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद ठोकर मारने वाला वाहन रात के अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. सूचना मिलते ही लौरिया पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर थाना लाई. मृतक की पहचान बेतिया नगर के इंद्रपुरी वार्ड संख्या 7 निवासी प्रेम किशोर श्रीवास्तव के पुत्र 43 वर्षीय अमित कुमार के रूप में हुई है. मृतक सरकारी स्कूल गौनाहा में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे. परिजनों को सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया चल रही है. लौरिया थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है. उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों की शीघ्र पहचान कर कार्रवाई की जाएगी. इस घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है. स्थानीय लोगों ने सड़क पर लगातार हो रहे हादसों पर गहरी चिंता जताई है. उनका कहना है कि मटियरिया पुल के आसपास अक्सर तेज रफ्तार वाहन गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. लोगों ने प्रशासन से इस पर नियंत्रण के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










