इंटरनेशनल शतरंज प्रतियोगिता में शिवांश विजेता, शाहिद हुसैन ने भी किया शानदार प्रदर्शन
ट्रॉफी के साथ शिवांश
चंपारण के शिवांश बरनवाल ने भागलपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता में अंडर-12 वर्ग का खिताब जीतकर तिरंगा लहराया. उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता अपने नाम की.
Bagaha News: बगहा. भागलपुर जिला शतरंज संघ की ओर से 8 और 9 अगस्त को भागलपुर एग्रीकल्चर कॉलेज में फर्स्ट राइवल ऑफ अंगा इंटरनेशनल ओपन फिडे रैपिड रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता आयोजित की गई. प्रतियोगिता में देश-विदेश के 350 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. इसमें चंपारण शतरंज अकादमी के खिलाड़ी शिवांश बरनवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-12 वर्ग का विजेता खिताब अपने नाम किया.
अंडर-12 वर्ग में शिवांश ने जीता खिताब
शिवांश बरनवाल ने प्रतियोगिता के नौ राउंड में कुल 6.5 अंक अर्जित किए. उन्होंने पहले राउंड में ऋषि कुमार गुप्ता, दूसरे में अहमा देव और तीसरे राउंड में अमरजीत कुमार को हराया.
चौथे राउंड में उन्हें आयुष नाथ के हाथों हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद पांचवें राउंड में उन्होंने नैरित बनर्जी को हराया, जबकि छठे राउंड में प्रणीत सिन्हा से हार मिली. सातवें राउंड में कार्तिकेय नंदन के साथ उनका मुकाबला ड्रॉ रहा.
इसके बाद आठवें राउंड में आदित्य ढींगरा और नौवें राउंड में अनुभव मिश्रा को हराकर शिवांश ने 6.5 अंक पूरे किए और अंडर-12 वर्ग का खिताब जीत लिया.
यह भी पढ़ें: शिक्षकों के प्रतिनियोजन से लेकर जलजमाव तक, पंचायत समिति की बैठक में उठे कई अहम मुद्दे
ट्रॉफी के साथ 2100 रुपये और प्रमाणपत्र मिला
प्रतियोगिता में विजेता रहे शिवांश बरनवाल को ट्रॉफी, 2100 रुपये नकद पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया. उनकी इस उपलब्धि से चंपारण शतरंज अकादमी के खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खुशी का माहौल है.
शाहिद हुसैन ने हासिल किया 23वां स्थान
प्रतियोगिता में पश्चिम चंपारण से कुल छह खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. चंपारण शतरंज अकादमी के संस्थापक सह प्रशिक्षक शाहिद हुसैन ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए नौ राउंड में 6.5 अंक हासिल किए और प्रतियोगिता में 23वां स्थान प्राप्त किया.
शाहिद हुसैन को 2000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया. साथ ही उनके फिडे रेटिंग में 16 अंकों का इजाफा हुआ.
अन्य खिलाड़ियों ने भी किया बेहतर प्रदर्शन
पश्चिम चंपारण के अन्य खिलाड़ियों में बगहा के प्रबल सिंह, रमेश पासवान और अबु जफर नदीम ने पांच-पांच अंक हासिल किए. वहीं विष्णु प्रताप सिंह ने तीन अंक अर्जित किए.
प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों के प्रदर्शन को चंपारण शतरंज अकादमी की ओर से महत्वपूर्ण उपलब्धि माना गया.
शिवांश को खेलप्रेमियों ने दी बधाई
शिवांश बरनवाल की उपलब्धि पर चंपारण शतरंज अकादमी के निदेशक नवीन जायसवाल, मुख्य संरक्षक डॉ. मोहम्मद गुलजार, संस्थापक भानु बरनवाल, मनीष कुमार सहित खेलप्रेमियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं.
अकादमी से जुड़े लोगों ने उम्मीद जताई कि शिवांश और जिले के अन्य खिलाड़ी आने वाले समय में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे.
यह भी पढ़ें: शिक्षकों के प्रतिनियोजन से लेकर जलजमाव तक, पंचायत समिति की बैठक में उठे कई अहम मुद्दे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By गणेश वर्मा
गणेश ने अपनी पत्रकारिता यात्रा की शुरुआत 2014 में गोरखपुर स्थित हिंदुस्तान अखबार से की। तब से लगातार मुख्यधारा मीडिया में सक्रिय रहकर उन्होंने रिपोर्टिंग से लेकर संपादकीय दायित्वों तक का अनुभव हासिल किया है। फिलहाल वे प्रभात खबर से जुड़े हैं और पश्चिम चम्पारण जिले में बतौर ब्यूरो चीफ कार्यरत हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










