बिहार चुनाव को लेकर भारत नेपाल सीमा पर बढ़ाई गई सुरक्षा
Published by : SATISH KUMAR Updated At : 17 Oct 2025 9:04 PM
बिहार विधानसभा चुनाव को भयमुक्त, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व स्वतंत्र रूप से संपन्न कराने को लेकर मैनाटांड़ प्रखंड क्षेत्र में भारत नेपाल सीमा से सेट सभी सीमाई इलाका इनरवा, भंगहा, भेड़िहरवा, पचरौता आदि क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी है.
इनरवा . बिहार विधानसभा चुनाव को भयमुक्त, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व स्वतंत्र रूप से संपन्न कराने को लेकर मैनाटांड़ प्रखंड क्षेत्र में भारत नेपाल सीमा से सेट सभी सीमाई इलाका इनरवा, भंगहा, भेड़िहरवा, पचरौता आदि क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी है. इसको लेकर इनरवा थाना परिसर में पिछले सप्ताह सीमावर्ती उच्चाधिकारियों की बैठक भी थानाध्यक्ष लवकांत शर्मा की अध्यक्षता में की गई. जिसमें असिस्टेंट कमांडेंट दिनकर त्रिपाठी व नेपाल एपीएफ के डीएसपी विष्णु राज मौजूद रहे. इसमें आगामी बिहार विधान सभा चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने व सीमा सुरक्षा को लेकर आपसी समन्वय के साथ विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई. इस दौरान भारत व नेपाल के अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, चुनाव के दौरान शांति बनाए रखने, नेपाल से घुसपैठ रोकने पर बल दिया. इसके अंतर्गत सीमा पर आने जाने वाले नागरिकों की पहचान, जांच पड़ताल की प्रक्रिया को सख्त कर दी गई है. सीमा पर सक्रिय अवांछित तत्वों, मादक पदार्थ, हथियारों व जाली नोटों की तस्करी जैसी आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए पूरी मुस्तैदी के साथ जांच पड़ताल करने के बाद ही आने जाने की सहमति दी जा रही है. नेपाल क्षेत्र के लोग भी बिहार में हो रहे चुनाव के प्रति काफी सजग दिख रहे हैं. भारतीय बाजारों में प्रवेश करने के लिए नेपाल के क्षेत्र के लोग पहचान पत्र दिखाकर ही प्रवेश पा रहे हैं. व्यवसायी झुन्नू कुमार, महावीर कुमार, संजय कुमार, सुमित कुमार धर्मराज शाह, बाबू साहब मियां ने बताया कि इस दिवाली एवं छठ पूजा में नेपाली ग्राहकों का आना बहुत कम हो गया है. इसका व्यापक असर हर एक सीमावर्ती बाजारों में देखने को मिल रहा है. वहीं सीमावर्ती नेपाली नागरिक राज विजय कुमार, कृष्ण मोहन शाह, राजू कुमार सीता देवी आदि नागरिकों का कहना है कि हम लोग रोजमर्रा उपयोग में आने वाली राशन पानी एवं आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी के लिए भारतीय बाजारों पर ही निर्भर हैं. लेकिन वर्तमान समय में बॉर्डर पार आने जाने में थोड़ी परेशानी उठानी पड़ रही है. थानाध्यक्ष लवकांत शर्मा ने बताया कि सीमा पर चौकसी बढ़ाने व अवैध गतिविधियों पर रोक के लिए एसएसबी व नेपाली एपीएफ से समन्वय बनाकर निगरानी की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










