नरकटियागंज में टीबी मरीजों को मिली पोषण किट, डॉक्टरों ने 10 मरीजों की देखभाल का लिया जिम्मा

किट देते एसडीएम व अन्य
नरकटियागंज अनुमंडलीय अस्पताल में टीबी उन्मूलन अभियान को मजबूती मिली है. मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया गया और डॉक्टरों ने 10 जरूरतमंद मरीजों को गोद लेकर उनकी देखभाल का संकल्प लिया है.
Bettiah News: टीबी उन्मूलन अभियान को मजबूत बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को अनुमंडलीय अस्पताल में टीबी मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया गया. कार्यक्रम में मरीजों को बेहतर इलाज, नियमित निगरानी और पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी भी दी गई.
कार्यक्रम में एसडीएम अभिजीत कुमार गोविंदा, अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार और चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गोविंद चन्द्र शुक्ला ने मरीजों को पोषण किट प्रदान की.
डॉक्टरों ने 10 टीबी मरीजों को लिया गोद
कार्यक्रम के दौरान डॉ. संजीव कुमार और डॉ. गोविंद चन्द्र शुक्ला ने शहरी क्षेत्र के पांच और ग्रामीण क्षेत्र के पांच टीबी मरीजों को गोद लेने की घोषणा की.
उन्होंने इन मरीजों की नियमित स्वास्थ्य निगरानी, समय पर दवा, पौष्टिक आहार और बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने का संकल्प लिया.
एसडीएम ने की अभियान की सराहना
एसडीएम अभिजीत कुमार गोविंदा ने अस्पताल प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि टीबी उन्मूलन अभियान को सफल बनाने के लिए मरीजों की नियमित निगरानी और निरंतर सहयोग जरूरी है.
उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के उपचार पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया.
मरीजों को नियमित दवा लेने की सलाह
अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार ने मरीजों से नियमित रूप से दवा लेने, संतुलित एवं पौष्टिक भोजन करने और चिकित्सकों की सलाह का पालन करने की अपील की.
उन्होंने कहा कि बीच में दवा छोड़ देने से बीमारी गंभीर हो सकती है और इलाज की अवधि भी बढ़ सकती है.
इन मरीजों को मिला पोषण किट
पोषण किट प्राप्त करने वालों में शुभावती देवी, रोशन तारा खातून, संचित कुमार, लक्ष्मण सहनी, आकाश कुमार, ममता कुमारी, नागेश्वर साह, रघुनाथ राम, शिवानी कुमारी और अमरावती देवी शामिल रहे.
कार्यक्रम में अस्पताल प्रबंधक विपिन राज, स्वास्थ्यकर्मी राजन कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सतीश कुमार पांडेय
सतीश कुमार पांडेय ने वर्ष 2000 में जी न्यूज से पत्रकारिता की शुरुआत की. इन्होंने चर्चित दस्यु सरगनाओं की रिपोर्टिंग की. बाद में आज और दैनिक जागरण में कार्य किया. वर्ष 2016 से वें प्रभात खबर में कार्यरत हैं. इन्हें क्राइम, प्रशासनिक, राजनीतिक, सामाजिक तथा खेती-किसानी से जुड़ी खबरों में विशेष रुचि रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










