बगहा विधानसभा के 105 बीएलओ का प्रोफाइल होगा अपडेट: बीडीओ

04 बगहा विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) का डिजिटल प्रोफाइल अपडेट करने का कार्य प्रारंभ किया गया है.
बगहा. 04 बगहा विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) का डिजिटल प्रोफाइल अपडेट करने का कार्य प्रारंभ किया गया है. इसी कड़ी में बगहा विधानसभा क्षेत्र के कुल 105 बीएलओ का प्रोफाइल अपडेट किया जाएगा. जिसके लिए सभी को शनिवार को बगहा दो प्रखंड कार्यालय में बुलाया गया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार यह प्रोफाइल भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किया जाना है. इसके लिए निर्वाचन आयोग द्वारा सभी बीएलओ को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने व्यक्तिगत प्रोफाइल की संपूर्ण जानकारी अद्यतन करें. इस कार्य के लिए बीएलओ से कुछ आवश्यक दस्तावेज भी मांगे गए हैं. जिनमें मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, पासपोर्ट साइज फोटो, एपिक नंबर तथा वोटर आईडी कार्ड की प्रतिलिपि प्रमुख रूप से शामिल हैं. बीएलओ प्रोफाइल अपडेट की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रखंड कार्यालय बगहा दो में विशेष तैयारी की गयी है. इस कार्य में सहायता के लिए पांच कार्यपालक सहायकों की प्रतिनियुक्ति की गयी है, जो बीएलओ को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराएंगे. यह कार्य न केवल आगामी चुनावों की तैयारी का हिस्सा है, बल्कि मतदाता सूची के अद्यतन और सुचारू संचालन की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है. बीडीओ बगहा दो बिड्डू राम ने बताया कि बीएलओ के प्रोफाइल अपडेट से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि वे सभी आवश्यक सूचनाओं से लैस हो और समय पर चुनाव आयोग की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचा सकें. साथ ही यह प्रक्रिया बीएलओ की जवाबदेही और संप्रेषण को भी और अधिक मजबूत बनाएगी. कार्यक्रम की निगरानी के लिए वरीय पदाधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति की गयी है. समाहरणालय से भी अधिकारियों को दिशा-निर्देश भेजे गए हैं. ताकि प्रोफाइल अपडेट की प्रक्रिया में किसी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक बाधा उत्पन्न न हो.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




