सरस्वती पूजा में हुड़दंग पर पुलिस सख्त, शांति भंग करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
Published by : SATISH KUMAR Updated At : 21 Jan 2026 6:19 PM
सरस्वती पूजा के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है.
बेतिया/इनरवा/मझौलिया . सरस्वती पूजा के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. चंपारण रेंज के डीआइजी हर किशोर राय ने मंगलवार को रेंज के सभी एसडीपीओ व इंस्पेक्टरों के साथ बैठक कर सख्त निर्देश जारी किए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि पूजा के नाम पर अराजकता, हुड़दंग, शराबखोरी, डीजे पर अश्लील गीत, बिना अनुमति जुलूस निकालने या अफवाह फैलाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. डीआइजी ने पूजा पंडालों, विसर्जन जुलूसों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करने का निर्देश दिया. साथ ही, सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने को कहा गया है. अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट करने अथवा साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर साइबर सेल को अलर्ट मोड में रहने का आदेश दिया गया है. पूजा के नाम पर जबरन चंदा वसूली की शिकायतों पर भी सख्त कार्रवाई होगी. इधर, इनरवा प्रतिनिधि के अनुसार भंगहा थाना परिसर में सरस्वती पूजा व गणतंत्र दिवस को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने स्पष्ट किया कि डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा बिना लाइसेंस पूजा करने वालों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि पूजा आयोजन के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य है और इसके लिए आवेदन प्राप्त हो रहे हैं. वहीं मझौलिया थाना परिसर में भी शांति समिति की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता थानाध्यक्ष अमर कुमार ने की. उन्होंने पूजा समितियों से आपसी सद्भाव के साथ पर्व मनाने की अपील की. बताया गया कि अब तक 75 आवेदन लाइसेंस के लिए प्राप्त हुए हैं. बीडीओ डॉ. राजीव रंजन कुमार ने प्रशासन को सहयोग करने की अपील की. पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें. पुलिस का साफ संदेश है-शांति भंग करने वालों पर मौके पर ही सख्त कार्रवाई होगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










