फर्जी आधार-वोटर फैक्ट्री का भंडाफोड़, प्रशासन की छापेमारी से मचा हड़कंप, दुकान सील
Published by : SATISH KUMAR Updated At : 17 Jan 2026 6:25 PM
इनरवा थाना क्षेत्र के इनरवा बाजार में लंबे समय से चल रहे फर्जी दस्तावेज बनाने के गोरखधंधे का आखिरकार पर्दाफाश हो गया.
इनरवा. इनरवा थाना क्षेत्र के इनरवा बाजार में लंबे समय से चल रहे फर्जी दस्तावेज बनाने के गोरखधंधे का आखिरकार पर्दाफाश हो गया. शनिवार को प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में फर्जी तरीके से आधार कार्ड, वोटर आईडी समेत अन्य सरकारी प्रमाण पत्र तैयार करने वाली एक ऑनलाइन दुकान पर छापेमारी कर उसे सील कर दिया गया. कार्रवाई के बाद पूरे बाजार में हड़कंप मच गया. बीडीओ दीपक कुमार राम ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि इनरवा बाजार स्थित ऑनलाइन दुकान संचालक अजय कुमार खुलेआम फर्जी आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड व अन्य प्रमाण पत्र बनाकर लोगों से मोटी रकम वसूल रहा था. हैरानी की बात यह है कि यह अवैध कारोबार लंबे समय से चल रहा था, लेकिन अब तक जिम्मेदार महकमा आंख मूंदे बैठा रहा. छापेमारी के दौरान फर्जीवाड़े से जुड़े अहम साक्ष्य मिलने की बात कही जा रही है. हालांकि, कार्रवाई की भनक लगते ही दुकानदार मौके से फरार हो गया, जिससे प्रशासनिक सतर्कता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. इसके बाद दुकान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि फर्जी दस्तावेज बनाकर कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. वहीं पुलिस फरार दुकानदार की तलाश में छापेमारी कर रही है और मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










