ePaper

बेतिया से रेणु, नौतन से नारायण, लौरिया से विनय बिहारी, चनपटिया से अभिषेक व बगहा से दिनेश समेत आठ ने किया नामांकन

Updated at : 17 Oct 2025 9:00 PM (IST)
विज्ञापन
बेतिया से रेणु, नौतन से नारायण, लौरिया से विनय बिहारी, चनपटिया से अभिषेक व बगहा से दिनेश समेत आठ ने किया नामांकन

विधानसभा चुनाव में नामजदगी का पर्चा दाखिल करने के पांचवें दिन शुक्रवार को कुल आठ नामांकन पत्र दाखिल किया गया.

विज्ञापन

प्रतिनिधि,बेतिया/नरकटियागंजविधानसभा चुनाव में नामजदगी का पर्चा दाखिल करने के पांचवें दिन शुक्रवार को कुल आठ नामांकन पत्र दाखिल किया गया. इसको लेकर सुबह से ही नामांकन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी. नामांकन दाखिल करने वालों में भाजपा के तीन, कांग्रेस के एक समेत कुल आठ उम्मीदवार शामिल रहे. इस दौरान कई प्रत्याशी जुलूस की शक्ल में नामांकन करने पहुंचें थे. हालांकि निर्धारित स्थल के बाद प्रत्याशियों को अपने प्रस्तावकों के साथ ही नामांकन स्थल में जाने की अनुमति थी.

जानकारी के अनुसार, निवर्तमान पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री एवं बेतिया विधानसभा की घोषित भाजपा प्रत्याशी रेणु देवी एवं निर्दलीय कृष्णा कुमार ने निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार के समक्ष नामांकन का पर्चा दाखिल किया. वहीं नौतन विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के घोषित प्रत्याशी निवर्तमान विधायक नारायण प्रसाद एवं निर्दलीय विकास कुमार प्रसाद ने निर्वाची पदाधिकारी सह भूमि सुधार उप समाहर्ता शिवम गुप्ता के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. जबकि लौरिया से भाजपा के घोषित प्रत्याशी निवर्तमान विधायक विनय बिहारी ने निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता विभागीय जांच कुमार रविंद्र के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. चनपटिया विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के घोषित प्रत्याशी अभिषेक रंजन ने निर्वाची पदाधिकारी सह डीडीसी सुमीत कुमार के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया. बगहा से निर्दलीय दिनेश अग्रवाल ने अपना नामांकन दाखिल किया. बता दें कि इसके पूर्व रेणु देवी ने कालीधाम मंदिर से पूजन अर्चन के बाद समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचीं. वहीं विनय बिहारी और नारायण प्रसाद भी अपने काफिले के साथ पहुंचें. चनपटिया से कांग्रेस के अभिषेक के साथ भी समर्थकों का हुजूम दिखा. इधर, नरकटियागंज में पांचवे दिन भी नामांकन नहीं हुआ. निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीएम सूर्य प्रकाश गुप्ता, एआरओ सूरज कुमार सिंह समेत पुलिस पदाधिकारी इंतजार में बैठे रहे लेकिन नामांकन करने कोई नही पहुंचा. वहीं दूसरी ओर सिकटा विधान सभा से निर्दलीय प्रत्यशी के रूप में लालगुरम मिया उर्फ धरती पकड़ ने नामांकन किया. निर्वाची पदाधिकारी सह डीसीएलआर कुमार चन्द्रशेखरन ने बताया कि एक नामांकन हुआ है. बता दें कि नरकटियागंज के लिए शुक्रवार को चार लोगो ने नाजीर रसीद कटाया है. इनमें भाजपा से संजय कुमार पांडेय, राजीव वर्मा, ध्रुव राम और मो. मोतीउर्र रहमान शामिल है. वहीं सिकटा से मो फखरूद्यीन और आम आदमी पार्टी से मो. औरंगजेब ने नाजीर रसीद कटाया.

——————–

समृद्ध, संजय, रिंकू, जयेश, अमित गिरी, रोहित समेत कई करेंगे आज नामांकन

नामांकन के छठवें दिन शनिवार को तमाम प्रत्याशियों का नामांकन होगा. इसमें नौतन से कांग्रेस उम्मीदवार अमित गिरी, जनसुराज के संतोष चौधरी, वाल्मीकिनगर से जदयू के उम्मीदवार धीरेंद्र प्रताप उर्फ रिंकू सिंह, बेतिया से निर्दलीय रोहित कुमार सिकारिया, बगहा से कांग्रेस के जयेश मंगल सिंह, नरकटियागंज से भाजपा के संजय पांडेय, रामनगर सुरक्षित से भाजपा के नंदकिशोर राम, चनपटिया से जनसुराज से मनीष कश्यप, सिकटा से जदयू के समृद्ध वर्मा समेत कई प्रत्याशी शामिल हैं.

—————————–

नौतन से शिक्षाविद् अमित और बेतिया से एमबीए धारक वसी अहमद कांग्रेस के उम्मीदवार

बेतिया. कांग्रेस ने जिले के चार सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. इसमें से दो सीटों पर पार्टी ने नये चेहरे को मौका दिया है. जबकि दो सीटों पर पुराने चेहरे मैदान में हैं. नौतन से पार्टी ने नये चेहरे के रूप में शिक्षाविद् अमित गिरी को पार्टी ने टिकट दिया है. अमित शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान पॉयोनियर कोचिंग के संचालक हैं. वहीं बेतिया से भी पार्टी ने नये चेहरे वसी अहमद को मौका दिया है. मैनाटांड़ के बहुअरवा के रहने वाले स्व. मो आरिफ के पुत्र वसी अहमद वर्ष 2009 से ही कांग्रेस पार्टी से जुड़े हैं. फिलहाल वें कांग्रेस में अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर थे. वसी अहमद ने बताया कि उन्होंने 12वीं तक की शिक्षा बेतिया से की. स्नातक उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से की. जामिया मिल्लिया से उन्होंने एमबीए और चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से उन्होंने एलएलबी की डिग्री ली है. बगहा से पार्टी ने जयेश मंगल सिंह व चनपटिया से अभिषेक रंजन को दुबारा मैदान में उतारा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SATISH KUMAR

लेखक के बारे में

By SATISH KUMAR

SATISH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन