वाल्मीकिनगर रेलवे स्टेशन के रेल लाइन पर मिला शव, जीआरपी ने कब्जे में लेकर कराया पोस्टमार्टम
Published by : SATISH KUMAR Updated At : 31 Oct 2025 8:56 PM
गोरखपुर-नरकटियागंज रेलखंड पर वाल्मीकिनगर रेलवे स्टेशन स्थित लाइन संख्या तीन के पास स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति का शव देखा.
हरनाटांड़. गोरखपुर-नरकटियागंज रेलखंड पर वाल्मीकिनगर रेलवे स्टेशन स्थित लाइन संख्या तीन के पास स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति का शव देखा. इसकी जानकारी तुरंत स्टेशन मास्टर प्रभु नारायण पांडेय को दी गयी. स्टेशन मास्टर ने तुरंत इसकी सूचना जीआरपी को दी. सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. शुरुआती जांच में मौत ट्रेन की चपेट में आने से होने की आशंका जताई जा रही है. वही घटना के दौरान मृतक के मोबाइल पर उनके परिवार का फोन आया, जिसे जीआरपी ने रिसीव कर परिजनों को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान नगर थाना क्षेत्र के खोड़ा-परसा गांव निवासी मधुसूदन प्रसाद श्रीवास्तव के रूप में की गयी. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक के पुत्र नेहाल श्रीवास्तव ने बताया कि घर में निर्माण कार्य शुरू होने वाला था, जिसके लिए उनके पिता बालू लाने बाइक से गए थे. बारिश के कारण परिजनों ने कई बार उन्हें वापस लौटने की सलाह दी, लेकिन वह नहीं आए. दोपहर तक बातचीत होती रही, लेकिन इसके बाद कॉल संपर्क नहीं हो पाया. जब फोन लगा तो जीआरपी ने रिसीव कर मौत की सूचना दी. जिसके बाद घर में अफरा-तफरी मच गयी. जीआरपी नरकटियागंज के इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया. मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेजा गया है. मामले की जांच जारी है और परिजनों को सभी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश और पटरियों की फिसलन के कारण हादसे की आशंका भी जताई जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










