चंपारण के छात्रों ने राज्य स्तर पर लहराया परचम

विज्ञान प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से पटना में शुक्रवार को आयोजित सर सीवी रमन टैलेंट सर्च टेस्ट इन साइंस- 2025 के पुरस्कार वितरण समारोह में जिले के छात्रों ने परचम लहराया है.
चनपटिया. विज्ञान प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से पटना में शुक्रवार को आयोजित सर सीवी रमन टैलेंट सर्च टेस्ट इन साइंस- 2025 के पुरस्कार वितरण समारोह में जिले के छात्रों ने परचम लहराया है. राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर चनपटिया के चार छात्रों ने राज्यस्तरीय पुरस्कार झटके. इन्हें मुख्य अतिथि बिहार सरकार के विभागीय मंत्री सुमित कुमार सिंह ने पुरस्कृत किया. चारों छात्रों को लैपटॉप, प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान किया गया. इन बच्चों ने राज्य स्तर पर टॉप रैंक प्राप्त किया ही, जिला स्तर पर भी टॉपर रहे जिसके लिए नकद पुरस्कार प्रदान किया गया. बच्चों की इस उपलब्धि से शैक्षणिक क्षेत्र में खुशी की लहर है.
यह परीक्षा हर जिले के कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों के लिए 30 नवंबर से 2 दिसंबर 2024 एवं 9 से 11 दिसंबर 2024 को आयोजित हुई थी. इस परीक्षा में हर कक्षा से राज्य स्तर पर तीन छात्रों का चयन होना था. जिसमे प० चंपारण जिले के पांच छात्रों ने सफलता प्राप्त किया है . कक्षा 11 से सूबे में प्रथम स्थान पर पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, चनपटिया के छात्र सौरभ कुमार रहे. इनके पिता सनोज कुमार प्रसाद एवं माता नीलम देवी अपने बेटे की सफलता से काफी गर्वान्वित हैं . सौरभ ने बताया कि उन्हें विज्ञान के साथ- साथ संगीत में भी काफी रुचि है और वह अभी जेईई के परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं. वहीं कक्षा 11 से सूबे में द्वितीय स्थान पर सेंट माइकल एकेडमी, बेतिया के आदित्य कुमार रहे. साथ ही कक्षा आठवीं से इनकी बहन हर्षवन्या ने भी राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल किया है, जो केंद्रीय विद्यालय, कुमारबाग की छात्रा हैं. इनके पिता वरिष्ठ पत्रकार अमन कुमार एवं माता शिक्षिका ज्योत्सना कुमारी ने दोनों बच्चों की सफलता का श्रेय उनके स्कूल के शिक्षकों को दिया. साथ ही राज्य व जिला स्तर के पुरस्कृत सभी बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की. आदित्य ने बताया कि उन्हें कंप्यूटर व साइबर के क्षेत्र में काफी मन लगता है और वे इसी विषय में अपनी आगे की पढ़ाई करना चाहते हैं. वहीं हर्षवन्या ने कहा कि उसे विज्ञान के अलावा म्यूजिक और खो – खो में रूचि है। वह केवीएस की स्टेट खो-खो टीम की खिलाड़ी भी है. कक्षा 11 से तृतीय स्थान राजकीय उच्च विद्यालय जोकटिया, चनपटिया के छात्र विशाल कुमार रहे। पिता चनपटिया बाजार निवासी व्यवसाई संतोष कुमार साहू ने बताया कि विशाल अभी जेईई की तैयारी कर रहे हैं और उनकी रुचि भौतिक विज्ञान में हैं.
तीनों स्टेट टॉपर अच्छे मित्र भी :-
सौरभ, आदित्य और विशाल ने कक्षा दसवीं तक साथ में ही जवाहर नवोदय विद्यालय, पश्चिम चंपारण से अपनी पढ़ाई की थी और तीनों बहुत अच्छे मित्र भी हैं. इन सभी छात्रों ने 100 में से 100 अंक प्राप्त किए हैं.
नवोदय की तान्या 10वीं में सेकंड टॉपर :-
कक्षा दसवीं से सूबे में द्वितीय स्थान पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय पश्चिम चंपारण की छात्रा तान्या कुमारी रहीं. इनके पिता विश्वमोहन प्रसाद जो कि स्वयं विज्ञान के शिक्षक है. उन्होंने बताया कि यह परीक्षा छात्रों में विज्ञान के प्रति रुचि को बढ़ाता है. अधिक से अधिक छात्रों को इस प्रतियोगिता में शामिल होना चाहिए.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




