बेतिया: बाइक की चाबी को लेकर बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया

अस्पताल में बिलखते परिवार
बैरिया थाना क्षेत्र में बाइक की चाबी को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया. सगे भाइयों के बीच हुई इस बहस में बड़े भाई ने चाकू से वार कर छोटे भाई की जान ले ली. पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर जांच कर रही है.
Bettiah News: बैरिया थाना क्षेत्र के हाट सरैया वार्ड संख्या-2 में हुई इब्राहिम मियां की हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है. पुलिस जांच में यह जानकारी मिली है कि जिस बाइक की चाबी को लेकर गुरुवार सुबह खूनी वारदात हुई, उसी बाइक को लेकर एक दिन पहले भी दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ था. परिवार के लोगों ने उस समय मामला शांत करा दिया था, लेकिन अगले ही दिन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया.
Bairiya News: बाइक की चाबी मांगने पर हुआ विवाद
परिजनों के अनुसार आरोपी असलम मियां बुधवार को अपनी पत्नी का आधार कार्ड बनवाने के लिए पिता की अनुमति से बाइक लेकर गया था. शाम को बाइक घर लाकर खड़ी कर दी गई. उसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हुई, जिसे परिजनों ने शांत करा दिया. गुरुवार सुबह इब्राहिम किसी जरूरी काम से बाहर जाने के लिए बाइक की चाबी खोजने लगा. चाबी नहीं मिलने पर उसने बड़े भाई असलम से पूछा, जिसके बाद दोनों के बीच फिर बहस शुरू हो गई.
गले पर चाकू से वार, मौके पर हुई मौत
बताया गया कि बहस के दौरान गुस्से में असलम मियां ने चाकू उठाकर इब्राहिम के गले पर वार कर दिया. वार इतना गहरा था कि उसकी गर्दन की मुख्य नस कट गई और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इब्राहिम परिवार का कमाने वाला सदस्य था और मेहनत-मजदूरी कर पिता का सहयोग करता था. उसकी अभी शादी भी नहीं हुई थी. घटना के बाद मां सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी इस घटना को लेकर शोक और चर्चा का माहौल है. स्थानीय लोग इसे मामूली विवाद का दुखद परिणाम बता रहे हैं.
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद बैरिया थाना पुलिस ने आरोपी असलम मियां को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: बेतिया: टीबी मरीजों को मिला पोषण आहार, स्वास्थ्य विभाग ने 152 लाभार्थियों के बीच किया वितरण
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










