Bettiah News: फंड की कमी से धूमनगर पुल का काम ठप, 5 पंचायत के लोग परेशान

AI जेनरेटेड इमेज
Bettiah News: पश्चिम चंपारण के नौतन में फंड की कमी से धूमनगर तिरहुत नहर पुल का निर्माण छह माह से बंद है. 769 लाख की योजना अधर में लटकने से 5 पंचायतों का संपर्क प्रभावित है. विधायक ने दिशा की बैठक में उठाया मुद्दा है. पढे़ं पूरी खबर…
बेतिया के नौतन से राजकुमार पासवान की रिपोर्ट
Bettiah News: प्रखंड के ग्राम पंचायत धूमनगर में तिरहुत नहर पर नए पुल का सपना फिलहाल अधूरा नजर आ रहा है. मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना के तहत 769.94 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह पुल राशि के अभाव में पिछले छह माह से ठप पड़ा है. सांसद संजय जायसवाल और विधायक नारायण प्रसाद द्वारा शिलान्यास किए जाने के बाद जगी उम्मीदें अब निराशा में बदल रही हैं.
लेवलिंग के बाद बंद हुआ काम
पुल निर्माण के लिए संवेदक द्वारा प्रारंभिक लेवलिंग का कार्य शुरू किया गया था. लेकिन विभाग की ओर से राशि उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण काम को बीच में ही रोकना पड़ा. निर्माण स्थल पर महीनों से कोई गतिविधि नहीं होने के कारण कार्यस्थल अब वीरान पड़ा है. पुरानी पुल की स्थिति बेहद जर्जर और क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप है.
5 पंचायतों का संपर्क प्रभावित
इस पुल के निर्माण में देरी से बैकुठवां, पकडिया, तेलुआ, पूर्वी नौतन और खडडा पंचायत के हजारों लोगों को रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि पुराना पुल कभी भी बड़े हादसे का सबब बन सकता है, फिर भी नए पुल के निर्माण में प्रशासनिक सुस्ती समझ से परे है.
दिशा की बैठक में उठा मुद्दा
विधायक नारायण प्रसाद ने सोमवार को जिला समाहरणालय में आयोजित ‘दिशा’ समिति की बैठक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया. विधायक द्वारा आवाज उठाए जाने के बाद प्रशासन ने मामले में संज्ञान लेते हुए पहल तेज कर दी है. अब क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि फंड आवंटित होते ही निर्माण कार्य दोबारा शुरू किया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aniket Kumar
अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










