हर मतदान केंद्र पर सुनिश्चित होंगी बुनियादी सुविधाएं : एसडीओ

Updated:
विज्ञापन
हर मतदान केंद्र पर सुनिश्चित होंगी बुनियादी सुविधाएं : एसडीओ

बैठक का मुख्य उद्देश्य मतदान केंद्रों पर न्यूनतम सुनिश्चित सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा करना था, जिसमें पेयजल, शौचालय, रैंप, बिजली, रोशनी, प्रीपेड मीटर की कार्यशीलता, चार्जिंग पॉइंट्स और कमरे की सफाई आदि प्रमुख रूप से शामिल थे.

विज्ञापन

तेघड़ा. आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनजर 143 तेघड़ा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मतदान केंद्रों पर मतदाता की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, तेघड़ा राकेश कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. यह बैठक सोमवार की दोपहर 2 बजे अटल कलाम भवन, तेघड़ा में आयोजित की गयी. जिसमें तेघड़ा एवं बरौनी प्रखंड के सभी उन विद्यालयों के प्रधानाध्यापक सम्मिलित हुए जिनके परिसरों में मतदान केंद्र अवस्थित हैं. बैठक का मुख्य उद्देश्य मतदान केंद्रों पर न्यूनतम सुनिश्चित सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा करना था, जिसमें पेयजल, शौचालय, रैंप, बिजली, रोशनी, प्रीपेड मीटर की कार्यशीलता, चार्जिंग पॉइंट्स और कमरे की सफाई आदि प्रमुख रूप से शामिल थे. बैठक में सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया गया कि यदि उनके विद्यालय में बोरिंग की सुविधा है, तो अतिरिक्त रूप से एक चापाकल की भी व्यवस्था सुनिश्चित करें ताकि मतदाताओं को जल संकट का सामना न करना पड़े. इसके साथ ही जिन विद्यालयों में प्रीपेड मीटर के कारण विद्युत आपूर्ति ठप पायी गयी, वैसे विद्यालयों की सूची बनाकर अविलंब अनुमंडल कार्यालय में समर्पित करने का निर्देश दिया गया. अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्वाचन के समय किसी भी मतदान केंद्र पर आवश्यक सुविधा की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए. उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि मतदान केंद्र वाले कक्षों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था हो और मतदानकर्मियों के ठहराव हेतु आवश्यक चार्जिंग पॉइंट एवं अन्य आधारभूत सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएं. विद्यालय परिसर की स्वच्छता पर भी विशेष बल देते हुए अधिकारियों ने साफ सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये. इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी, तेघड़ा एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, तेघड़ा-बरौनी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने भी प्रधानाध्यापकों को निर्वाचन से पूर्व सभी आवश्यक संसाधनों को ससमय क्रियान्वित करने की अपील की.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Amlesh Prasad

लेखक के बारे में

By Amlesh Prasad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन