बेगूसराय के तेघड़ा में NEET पेपर लीक पर कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी

दिल्ली में NEET परीक्षा धांधली के विरोध में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई और राहुल गांधी की हिरासत के खिलाफ बेगूसराय के तेघड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. उन्होंने केंद्र सरकार पर युवाओं के अधिकारों का हनन करने का आरोप लगाया.
Begusarai News: दिल्ली में नीट (NEET) परीक्षा धांधली और पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई तथा प्रधानमंत्री आवास के समक्ष प्रदर्शन कर रहे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कांग्रेस सांसदों को हिरासत में लिए जाने के विरोध में तेघड़ा में विरोध प्रदर्शन किया गया. तेघड़ा प्रखंड के नवनियुक्त प्रखंड अध्यक्ष राजेश कुमार श्रवण के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया.
युवाओं के अधिकारों पर प्रहार: राजेश कुमार श्रवण
नवनियुक्त प्रखंड अध्यक्ष राजेश कुमार श्रवण ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली की सड़कों पर छात्रों पर हुआ लाठीचार्ज बेहद निंदनीय है. सरकार ने युवाओं पर लाठियां बरसाकर उनके सपनों, संवैधानिक अधिकारों और लोकतांत्रिक आवाज पर सीधा प्रहार किया है.
पेपर लीक से आक्रोशित हैं युवा: रंधीर मिश्रा
नगर अध्यक्ष रंधीर मिश्रा ने कहा कि देश में लगातार हो रहे पेपर लीक से पीड़ित और आक्रोशित युवा दिल्ली में संवैधानिक तरीके से अपने न्याय की गुहार लगा रहे थे, जिसे बलपूर्वक दबाने का प्रयास किया गया.
कई कार्यकर्ता रहे मौजूद
विरोध प्रदर्शन में जीवेश सिंह, अताउर रहमान, रामबाबू साह, विभेष सिंह, व्रजकिशोर चौधरी, उमाशंकर सिंह, पिंकू सिंह, समीर मिश्रा, संजय सिंह, लालटून सिंह, मो. अफरोज, अनिल सिंह, सागर सिंह, निर्मल सिंह, अमरजीत कुमार और बांके बिहारी सिंह सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










