संयुक्त किसान मोर्चा ने भारत और अमेरिका के बीच मुक्त व्यापार समझौता के खिलाफ किया प्रदर्शन

प्रदर्शन करते संयुक्त किसान मोर्चा के प्रतिनिधि | Prabhat Khabar Network
संयुक्त किसान मोर्चा (बेगूसराय) ने भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. किसानों ने कृषि और डेयरी क्षेत्र पर मंडरा रहे खतरे को लेकर विरोध जताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पुतले फूंके.
Begusarai News: भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित या संभावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के खिलाफ संयुक्त किसान मोर्चा (बेगूसराय जिला इकाई) ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है. किसानों ने माले कार्यालय 'कमलेश्वरी भवन' से एक विरोध मार्च निकाला, जो समाहरणालय (कलेक्ट्रेट) द्वार तक पहुंचा. वहाँ आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला फूंका.
कृषि और डेयरी क्षेत्र पर मंडराते खतरे को लेकर जताया विरोध
पुतला दहन के बाद समाहरणालय द्वार पर एक विरोध सभा का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता अखिल भारतीय किसान महासभा के जिलाध्यक्ष नवल किशोर सिंह ने की. सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भारत-अमेरिका के बीच संभावित कृषि व्यापार समझौता भारतीय किसानों की तबाही का मसौदा है. इससे भारत के कृषि और डेयरी क्षेत्र पर बेहद प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा तथा छोटे और घरेलू उद्योग पूरी तरह नष्ट हो जाएंगे.
कृषि क्षेत्र से अमेरिकी हस्तक्षेप समाप्त करने की मांग
प्रदर्शनकारी नेताओं ने केंद्र सरकार से प्रस्तावित भारत-अमेरिका कृषि व्यापार समझौते को तुरंत रद्द करने तथा कृषि क्षेत्र में अमेरिकी घुसपैठ पर रोक लगाने की मांग की. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह देशव्यापी प्रतिरोध कार्रवाई संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसान-विरोधी व जन-विरोधी नीतियों के खिलाफ आयोजित की गई है.
कई किसान संगठनों के प्रतिनिधि रहे मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन और सभा को किसान सभा के दिनेश सिंह, अध्यक्ष कृष्ण कुमार, भोला सिंह, रामकुमार सिंह, अनोज सिंह, अनिल अंजान, प्रह्लाद सिंह, शंभू देवा, किसान सभा (जमाल रोड) के जिला सचिव दयानिधि चौधरी, अध्यक्ष सुरेश यादव, रामाशीष राय, सुरेंद्र साह, जिला पार्षद अंजनी कुमार सिंह, किसान महासभा के जिला सचिव बैजू सिंह, चंद्रदेव वर्मा, राजेश श्रीवास्तव, कैलाश प्रसाद महतो, गजेंद्र पंडित, रंजीत सिंह, निलेश झा, नूरुल इस्लाम जिम्मी, सर्वेंद्र राय और दीपक सिन्हा सहित कई नेताओं ने संबोधित किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










