अरविंद हत्याकांड में मुख्य आरोपित गिरफ्तार, अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

Published by :MANISH KUMAR
Published at :03 May 2026 9:17 PM (IST)
विज्ञापन
अरविंद हत्याकांड में मुख्य आरोपित गिरफ्तार, अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र में हुए बहुचर्चित अरविंद हत्याकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है.

विज्ञापन

बेगूसराय/खोदावंदपुर. खोदावंदपुर प्रखंड क्षेत्र में हुए बहुचर्चित अरविंद हत्याकांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले में मृतक की पत्नी ज्योति कुमारी के बयान पर खोदावंदपुर थाना में कांड संख्या- 43/026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने इस मामले में मृतक के करीबी दोस्त बबलू महतो को नामजद अभियुक्त बनाया है, जबकि अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपित के रूप में शामिल किया गया है. थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य आरोपी बबलू महतो, जो चेरियाबरियारपुर थाना क्षेत्र के कुंभी गांव निवासी चमरू महतो का पुत्र है, को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है. मृतक अरविंद कुमार की पत्नी ज्योति कुमारी ने अपने बयान में बताया कि एक मई की रात करीब 8 बजे बबलू महतो उनके घर आया और अरविंद को अपने साथ ले गया. उसने कहा कि वह अरविंद को उसकी ससुराल शाहपुर पहुंचा देगा. दोस्त पर भरोसा करते हुए अरविंद उसके साथ चला गया, लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा. परिजनों ने पहले तो यह सोचा कि अरविंद अपनी ससुराल में ही रुक गया होगा, लेकिन रातभर संपर्क नहीं होने के बाद परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई.

सुबह में मिला शव, इलाके में सनसनी

दो मई की अहले सुबह अरविंद कुमार का शव बरियारपुर पश्चिमी पंचायत के गुही कुआं और दुर्गा स्थान मसुराज के बीच सड़क किनारे एक गड्ढे में लावारिस हालत में मिला. शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी. प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि अरविंद की हत्या रास्ते में ही कर दी गई और उसके शव को सुनसान जगह पर फेंक दिया गया, जिस तरीके से शव को गड्ढे में फेंका गया, उससे साफ संकेत मिलता है कि आरोपियों ने अपराध को छुपाने की कोशिश की. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे की असली वजह क्या थी-क्या यह आपसी विवाद का मामला था या फिर किसी साजिश के तहत इस घटना को अंजाम दिया गया.

परिवार का इकलौता सहारा था अरविंद

बताया जाता है कि मृतक अरविंद कुमार चेरियाबरियारपुर थाना क्षेत्र के कुंभी गांव स्थित वार्ड तीन निवासी पवन महतो का 25 वर्षीय इकलौता पुत्र था. उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग इस घटना से स्तब्ध हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि अरविंद मिलनसार स्वभाव का युवक था और उसकी किसी से दुश्मनी नहीं थी.

पुलिस की सक्रियता से मिली शुरुआती सफलता

इस मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप मुख्य आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया गया. थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि दर्ज एफआईआर के आधार पर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर घटना में शामिल अन्य आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी. उन्होंने कहा कि अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीम लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा.

इलाके में सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता, पुलिस कर रही है हर पहलु पर जांच

इस घटना के बाद इलाके के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. ग्रामीणों का कहना है कि जिस तरह से एक युवक को घर से बुलाकर उसकी हत्या कर दी गई. वह बेहद चिंताजनक है. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अपराधियों को जल्द से जल्द सख्त सजा दी जाए और क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो. इधर पुलिस इस मामले को कई एंगल से जांच रही है. दोस्ती के रिश्ते के बावजूद हत्या क्यों हुई, इसके पीछे की वजह क्या है, क्या इसमें और लोग शामिल हैं. इन सभी सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं. साथ ही पुलिस कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले को मजबूत बनाने में जुटी हुई है.

दोस्ती में विश्वासघात, इलाके में चर्चा

अरविंद हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. दोस्ती के रिश्ते में विश्वासघात और एक युवक की निर्मम हत्या ने समाज को कई सवालों के सामने खड़ा कर दिया है, हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी हुई है, लेकिन इस घटना का पूरा सच सामने आना अभी बाकी है. अब सभी की नजर पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी है, जिससे इस हत्याकांड के पीछे की पूरी सच्चाई उजागर हो सके और दोषियों को कड़ी सजा मिल सके.

विज्ञापन
MANISH KUMAR

लेखक के बारे में

By MANISH KUMAR

MANISH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन