बेगूसराय: मछुआरा संघ के सम्मेलन में सुविधाओं और शोषण का मुद्दा उठा, नई कमेटी का गठन

बैठक में शामिल प्रतिनिधि | Prabhat Khabar Network
बेगूसराय जिला मछुआरा संघ ने पावर हाउस चौक इकाई का वार्षिक सम्मेलन आयोजित किया, जिसमें नई कमेटी का गठन हुआ. इस दौरान मछुआरा समुदाय की समस्याओं, विशेषकर फुटपाथ पर मछली बेचने वालों की बुनियादी सुविधाओं की कमी और शोषण के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया.
Begusarai News : बेगूसराय जिला मछुआरा संघ की पावर हाउस चौक इकाई का वार्षिक सम्मेलन अशोक वाटिका क्लब, मछली बाजार, मुंगेरीगंज में आयोजित किया गया. मो. रियाज उर्फ भगलू की अध्यक्षता में हुए सम्मेलन में मछुआरा समुदाय की समस्याओं पर चर्चा के साथ नई कमेटी का गठन किया गया.
मछुआरा समुदाय की समस्याओं को उठाया
सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए भाकपा नेता अनिल कुमार अंजान ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले मेहनतकश वर्ग को आज भी उपेक्षा का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि पावर हाउस चौक पर वर्षों से फुटपाथ पर मछली बेच रहे दुकानदारों को बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं. यहां शौचालय, पेयजल और स्वच्छ वातावरण का अभाव है, जबकि बीच-बीच में प्रशासनिक कार्रवाई और असामाजिक तत्वों की अवैध वसूली का भी सामना करना पड़ता है.
नगर प्रशासन से की सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग
उन्होंने नगर प्रशासन से रेलवे की चहारदीवारी के किनारे नाला निर्माण कर गंदगी मुक्त स्थान उपलब्ध कराने, दुकानदारों के लिए व्यवस्थित दुकान स्थल, शौचालय, बिजली और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की. उन्होंने कहा कि दुकानदार इसके बदले निर्धारित शुल्क देने के लिए भी तैयार हैं. साथ ही चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा.
नई कमेटी का हुआ गठन
सम्मेलन में सर्वसम्मति से नई कमेटी का गठन किया गया. इसमें अनिल कुमार को अध्यक्ष, मोहम्मद रियाज को उपाध्यक्ष, उत्तम कुमार उर्फ भोलू को सचिव, गोलू कुमार को सहसचिव तथा अमरजीत कुमार को कोषाध्यक्ष चुना गया. सचिव उत्तम कुमार द्वारा प्रस्तुत वार्षिक प्रतिवेदन को चर्चा के बाद सर्वसम्मति से पारित किया गया. सम्मेलन में विकास कुमार, छोटू कुमार, कुंदन कुमार, प्रमिला देवी, रंजीत शाह, बंटी कुमार, प्रमोद कुमार, टुनटुन शाह, उपेंद्र शाह, बबीता देवी, मनीष कुमार सहित बड़ी संख्या में मछुआरा समुदाय के लोग उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










