बेगूसराय: रेलवे पुलिया में जमा पानी में उपलाता मिला महिला का शव, पहचान में जुटी पुलिस

बेगूसराय जिले में रेलवे पुलिया में जमा पानी में एक अज्ञात महिला का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई. शव की हालत देखकर पहचान मुश्किल है और पुलिस हत्या के बाद शव फेंके जाने की आशंका जता रही है.
Begusarai News : बेगूसराय जिले के साहेबपुरकमाल थाना क्षेत्र के सब्दलपुर रेलवे स्टेशन और मुंगेर रेल पुल के बीच स्थित रेलवे पुलिया में जमा पानी से शुक्रवार की सुबह एक अज्ञात महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए, लेकिन शव की पहचान नहीं हो सकी.
शव की हालत देखकर पहचान नहीं हो सकी
स्थानीय लोगों ने बताया कि पानी में पड़े रहने के कारण शव फूल चुका था और उससे तेज दुर्गंध आ रही थी. इसी वजह से कोई भी शव के पास नहीं जा सका. इसके बाद मामले की सूचना तत्काल साहेबपुरकमाल थाना पुलिस को दी गई.
पुलिस ने शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया. थाना प्रभारी राजेश कुमार ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्र कराए.
हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका
प्रारंभिक तौर पर स्थानीय लोग आशंका जता रहे हैं कि महिला की हत्या के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को सुनसान रेलवे पुलिया के पानी में फेंका गया है. घटनास्थल के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक पोल में महिला की पीले रंग की साड़ी लिपटी मिली है, जिससे हत्या के बाद शव को वहां तक लाए जाने की आशंका जताई जा रही है. लोगों का यह भी मानना है कि इस वारदात में एक से अधिक लोगों की संलिप्तता हो सकती है.
सभी पहलुओं पर जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का अनुमान है कि शव तीन-चार दिन पुराना हो सकता है, क्योंकि पानी में रहने से वह पूरी तरह फूल चुका था. पुलिस महिला की पहचान कराने के साथ-साथ हत्या और शव को यहां फेंके जाने की आशंका समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










