बेगूसराय: बखरी के राजकीय डिग्री कॉलेज में जल्द शुरू होगी पढ़ाई, उच्च शिक्षा विभाग ने दिए निर्देश

बखरी में निर्माणाधीन डिग्री कॉलेज | Prabhat Khabar Network
बखरी अनुमंडल के नवनिर्मित राजकीय डिग्री महाविद्यालय में जल्द ही अध्ययन-अध्यापन शुरू होने की उम्मीद जगी है. जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और उच्च शिक्षा विभाग की सक्रियता के बाद अब विश्वविद्यालय को कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं.
Begusarai News : बेगूसराय जिले के बखरी अनुमंडल मुख्यालय स्थित नवनिर्मित राजकीय डिग्री महाविद्यालय में जल्द ही अध्ययन-अध्यापन शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है. जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और उच्च शिक्षा विभाग की पहल के बाद उच्च शिक्षा विभाग ने ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश जारी किया है.
भवन के नौ कमरे तैयार, पढ़ाई शुरू कराने का अनुरोध
जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने 23 जुलाई 2026 को उच्च शिक्षा विभाग के सचिव को भेजे पत्र में बताया कि राजकीय डिग्री महाविद्यालय का जी+2 भवन निर्माणाधीन है. फिलहाल भवन के भूतल पर नौ कमरों का निर्माण पूरा हो चुका है. छात्रहित और स्थानीय लोगों की मांग को देखते हुए इन कमरों में तत्काल अध्ययन-अध्यापन शुरू कराने का अनुरोध किया गया है.
छात्रों को 30 से 40 किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता राजेश अग्रवाल ने भी उच्च शिक्षा विभाग को आवेदन देकर कहा था कि भवन निर्माण अधूरा होने और शिक्षकों व कर्मियों की प्रतिनियुक्ति नहीं होने से बखरी के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आज भी 30 से 40 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है. उन्होंने शीघ्र नामांकन और कक्षाएं शुरू कराने की मांग की थी.
मंत्री और सांसद ने भी की पहल
गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने भी इस मामले में संबंधित अधिकारियों से नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया. वहीं सांसद गिरिराज सिंह ने उच्च शिक्षा विभाग को पत्र लिखकर निर्माणाधीन कॉलेज में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत नामांकन और पढ़ाई शुरू कराने का अनुरोध किया. उन्होंने बताया कि यह मांग उन्हें राजेश अग्रवाल और भाजपा युवा मोर्चा के जिला संयोजक प्रियांशु रघुवंशी द्वारा सौंपे गए आवेदन के माध्यम से मिली थी.
विश्वविद्यालय को जारी हुआ निर्देश
इन सभी पहल के बाद उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन ने शुक्रवार को ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा के कुलसचिव को पत्र भेजकर राजकीय डिग्री महाविद्यालय, बखरी के नवनिर्मित भवन में नियमानुसार जल्द अध्ययन-अध्यापन शुरू कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. उच्च शिक्षा विभाग की इस पहल से बखरी और आसपास के हजारों छात्र-छात्राओं को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलने की उम्मीद बढ़ गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










