सगाई में शामिल होने बेगूसराय आए झारखंड के व्यवसायी, होटल से तीन लाख नकद व मोबाइल गायब

बेगूसराय नगर थाना.
बेगूसराय के एक होटल में ठहरे झारखंड के फल व्यवसायी के कमरे से सगाई समारोह के दौरान करीब तीन लाख रुपये नकद और मोबाइल फोन चोरी हो गए। होटल के सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध युवक की गतिविधियां कैद हुई हैं.
होटल के कमरे से फल व्यवसायी के तीन लाख रुपये और मोबाइल चोरी
Begusarai News : बेगूसराय जिले के एफसीआई थाना क्षेत्र स्थित जीरो माइल के एक होटल में ठहरे झारखंड के एक फल व्यवसायी के कमरे से करीब तीन लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और चार्जर चोरी होने का मामला सामने आया है. घटना के बाद होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध युवक की गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है. पीड़ित ने एफसीआई थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है.
सगाई समारोह में शामिल होने आए थे व्यवसायी जानकारी के अनुसार झारखंड के धनबाद (झरिया) निवासी फल व्यवसायी अमन राज, पिता स्व. सुनील साव, अपने परिवार के साथ बेगूसराय के महना गांव में आयोजित एक सगाई समारोह में शामिल होने आए थे.परिवार के सदस्य जीरो माइल स्थित एक होटल में ठहरे थे, जबकि समारोह पास के दूसरे होटल में आयोजित था.
खुले कमरे में घुसकर बैग से उड़ाई नकदी पीड़ित के अनुसार रविवार सुबह परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सो रहे थे. इसी दौरान एक अज्ञात युवक होटल में दाखिल हुआ और कई कमरों के दरवाजे खोलकर देखने लगा. एक कमरे का दरवाजा खुला मिलने पर वह अंदर घुस गया और बैग में रखे करीब तीन लाख रुपये नकद, एक सैमसंग मोबाइल फोन तथा उसका चार्जर लेकर फरार हो गया.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू घटना की जानकारी मिलने के बाद होटल के सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें एक संदिग्ध युवक की गतिविधियां दिखाई देने का दावा किया जा रहा है. पीड़ित का आरोप है कि सुरक्षा में चूक के बावजूद होटल प्रबंधन ने कोई जिम्मेदारी स्वीकार नहीं की. एफसीआई थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान और घटना की वास्तविकता की जांच की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










