बेगूसराय: नशा छोड़ो, जीवन बचाओ' अभियान की शुरुआत, युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया

Author Niraj Kumar|Edited by Rajeev Kumar
Updated:
विज्ञापन

नशे से दूर रहने की सलाह देते पुलिस अधिकारी| Prabhat Khabar Network

बेगूसराय पुलिस ने 'नशा छोड़ो, जीवन बचाओ' अभियान की शुरुआत की है. यह अभियान युवाओं को नशे के दलदल से बाहर निकालने और एक स्वस्थ समाज बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. एसडीओ और डीएसपी ने नशे के खतरों के प्रति जागरूकता फैलाई.

विज्ञापन

Begusarai News : तेघड़ा थाना पुलिस द्वारा रविवार को नशा छोड़ो, जीवन बचाओ—नशा मुक्त समाज, स्वस्थ एवं समृद्ध बिहार' अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत पिढ़ौली पंचायत भवन से की गई. कार्यक्रम का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) राकेश कुमार एवं डीएसपी कृष्ण कुमार ने संयुक्त रूप से किया.

आपके शहर में

विज्ञापन

सूखा नशा युवाओं और समाज दोनों के लिए घातक : एसडीओ

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीओ राकेश कुमार ने कहा कि सूखा नशा युवाओं और पूरे समाज के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है. इसकी रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं. उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने की अपील करते हुए कहा कि नशे की लत से युवा मानसिक रोगों का शिकार हो रहे हैं और अपराध की ओर भी बढ़ रहे हैं.

समाज के सहयोग से ही सफल होगी मुहिम : डीएसपी

डीएसपी कृष्ण कुमार ने कहा कि सूखे नशे की रोकथाम और शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है, लेकिन इसमें समाज का अपेक्षित सहयोग भी आवश्यक है. उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और आम लोगों की सहभागिता से ही समाज को नशा एवं अपराध मुक्त बनाया जा सकता है. साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि नशा कारोबार की सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.

हर इलाके में चलेगा जागरूकता अभियान

थानाध्यक्ष क्रांति रमन ने कहा कि सूखा नशा, शराब और अन्य मादक पदार्थ न केवल सामाजिक, पारिवारिक और आर्थिक समस्याओं को बढ़ाते हैं, बल्कि अपराध और घरेलू हिंसा को भी बढ़ावा देते हैं. उन्होंने बताया कि तेघड़ा थाना क्षेत्र के सभी इलाकों में चरणबद्ध तरीके से जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा. स्थानीय लोगों ने तेघड़ा पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन