बेगूसराय में गंगा स्नान के दौरान सुपौल के युवक की मौत, शव देख मां ने भी नदी में लगायी छलांग

Updated at : 22 Jun 2024 5:31 PM (IST)
विज्ञापन
Bihar News

घटनास्थल पर जुटी भीड़

बेगूसराय के साहेबपुर कमाल के छर्रापट्टी राजघाट पर गंगा स्नान के दौरान सुपौल के एक युवक की डूबने से मौत हो गई. युवक का शव जब नदी से निकाला गया तो बेटे का शव देख मां भी गंगा में कूद गई, लेकिन गोताखोरों ने उसकी जान बचा ली

विज्ञापन

Bihar News : बेगूसराय के छर्रापट्टी राजघाट पर गंगा स्नान करने के दौरान नदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई. उसकी पहचान सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज निवासी प्रमोद चौधरी के 20 वर्षीय पुत्र निखिल कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया.

गंगा स्नान करने पहुंचा था पूरा परिवार

बताया जाता है कि सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज निवासी प्रमोद चौधरी अपनी पत्नी, बेटी और इकलौते बेटे के साथ शनिवार को गंगा स्नान करने छर्रापट्टी राजघाट पहुंचे थे. घाट पर पहुंचते ही निखिल ने अपने कपड़े उतार दिए और नदी में उतर कर नहाने लगा. उधर, उसके परिवार की महिलाएं भी स्नान की तैयारी कर रही थीं, तभी नदी की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण निखिल अचानक गहरे गड्ढे में लुढ़क गया. जिससे वह डूबने लगा और जब तक लोग उसे बचाने का प्रयास करते, तब तक वह डूब चुका था. उसके डूबते ही घाट पर मौजूद परिजनों में चीख पुकार मच गई.

शव देख मां ने भी नदी में लगायी छलांग

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना स्थानीय थाने को दी. मौके पर पुलिस भी पहुंच गई. पुलिस की पहल पर सीओ ने गोताखोर टीम भेजी. जिसने काफी मशक्कत के बाद शव को बरामद किया. जैसे ही गोताखोर ने शव को बाहर निकाला, जवान बेटे की मां शव को देख कर अपने होश खो बैठी और रोते हुए अचानक डूबने के लिए नदी में छलांग लगा दी. मौके पर मौजूद गोताखोर अजीत कुमार ने दौड़ कर उसे पकड़ लिया और बड़ी मुश्किल से उसे डूबने से बचा लिया.

25 जून को निखिल का जन्मदिन मनाया जाना था

मृतक के परिजन के अनुसार वह मां-बाप का इकलौता पुत्र था जो इंटर का छात्र था और 25 जून को उसका जन्मदिन मनाया जाने वाला था. जन्म दिन से कुछ दिन पूर्व ही उसकी मौत से परिवार दहल गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

Also Read: कैसे हुई श्रेया की मौत, कौन जिम्मेदार? 10 दिन बाद भी नहीं सुलझी गुत्थी

विज्ञापन
Anand Shekhar

लेखक के बारे में

By Anand Shekhar

Dedicated digital media journalist with more than 2 years of experience in Bihar. Started journey of journalism from Prabhat Khabar and currently working as Content Writer.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन