चेरियाबरियारपुर में भीषण सड़क हादसा, बाइक-स्कार्पियो की टक्कर में दो युवकों की मौत, एक गंभीर
हादसे के बाद सीएचसी पर लोगों की भीड़
Begusarai News : चेरियाबरियारपुर में स्टेट हाइवे-55 पर बाइक और स्कार्पियो की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Begusarai News : चेरियाबरियारपुर थाना क्षेत्र के विक्रमपुर पंचायत स्थित स्टेट हाईवे-55 पर भुसारी कोल्ड स्टोरेज के समीप बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. बाइक और स्कार्पियो की आमने-सामने की टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. दूसरे युवक ने बेगूसराय ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया. घायल युवक का इलाज जारी है.
डायल-112 पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चेरियाबरियारपुर पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय रेफर किया गया. रास्ते में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीसरे युवक का उपचार जारी है.
मृतकों और घायल की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान कुंभी पंचायत निवासी धर्मेंद्र सहनी के लगभग 22 वर्षीय पुत्र पवन कुमार तथा खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के विदुलिया गांव निवासी बिलैती सहनी के लगभग 22 वर्षीय पुत्र गणपत सहनी के रूप में हुई है. घायल युवक की पहचान खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर बरियारपुर पश्चिमी निवासी विजय सहनी के 16 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार तीनों युवक आपस में रिश्ते में भाई बताए जा रहे हैं.
मोबाइल दुकान जा रहे थे तीनों युवक
स्थानीय लोगों ने बताया कि पवन कुमार चेरियाबरियारपुर के विश्वकर्मा चौक पर मोबाइल की दुकान चलाता था. बुधवार को वह अपने दोनों संबंधियों के साथ दुकान जा रहा था. इसी दौरान भुसारी कोल्ड स्टोरेज के समीप ब्रेकर पर बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही स्कार्पियो से टकरा गई. हादसा इतना भीषण था कि पवन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई.
Also Read : नवादा: मामूली विवाद में पिस्टल लहराने वाला गिरफ्तार, देसी पिस्टल-6 जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस ने वाहन जब्त कर शुरू की जांच
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया. दुर्घटनाग्रस्त बाइक और स्कार्पियो को भी जब्त कर थाना लाया गया है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है.
गांव में शोक की लहर, मुआवजे की उठी मांग
हादसे की खबर मिलते ही कुंभी गांव में मातम पसर गया. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पंचायत के उपमुखिया चंदन कुमार राजन, वार्ड सदस्य सह सामाजिक कार्यकर्ता अमरजीत यादव, अरविंद यादव, संतोष पासवान, प्रमोद कुशवाहा, रमेश यादव और राजकुमार राज सहित कई लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई. जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से आपदा राहत मद के तहत मृतकों के स्वजन को उचित मुआवजा देने की मांग की.
Also Read : सिरदला में विभागीय समीक्षा बैठक, योजनाओं में पारदर्शिता और समयबद्ध लाभ वितरण पर जोर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










