बछवाड़ा सीएचसी की एक्स-रे मशीन एक सप्ताह से बंद, जांच के लिए मरीज हो रहे परेशान

बछवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्स-रे मशीन के खराब होने से एक हफ्ते से मरीज जांच से वंचित हैं. इससे मरीजों को हड्डी टूटने जैसी गंभीर चोटों के इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ रहा है, जिससे गरीब मरीजों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है.
Begusarai News : बछवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बछवाड़ा में पिछले एक सप्ताह से एक्स-रे मशीन खराब रहने के कारण मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. हड्डी टूटने, सड़क दुर्घटना, मारपीट और अन्य गंभीर चोटों के मामलों में एक्स-रे जांच नहीं होने से मरीजों को या तो बिना जांच लौटना पड़ रहा है या फिर दूसरे शहरों का रुख करना पड़ रहा है.
जांच के लिए दूसरे शहर जाने को मजबूर मरीज
प्रखंड क्षेत्र के दूर-दराज गांवों से प्रतिदिन सैकड़ों मरीज इलाज के लिए सीएचसी पहुंचते हैं. चिकित्सकों द्वारा एक्स-रे की सलाह दिए जाने के बावजूद मशीन खराब होने से जांच नहीं हो पा रही है. अस्पताल के एक्स-रे कक्ष पर ताला लटका है और ऑपरेटर मशीन खराब होने की जानकारी देकर मरीजों को लौटा रहे हैं. ऐसे में मरीजों को मजबूरन बेगूसराय सदर अस्पताल या पड़ोसी जिले के दलसिंहसराय जाना पड़ रहा है.
गरीब मरीजों पर बढ़ा आर्थिक बोझ
सरकारी अस्पताल में एक्स-रे सुविधा बंद होने का सबसे अधिक असर गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों पर पड़ रहा है. जो लोग बाहर नहीं जा पाते, वे स्थानीय निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों में महंगी जांच कराने को विवश हैं. इससे इलाज का खर्च कई गुना बढ़ गया है और कई परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं.
लोगों में नाराजगी, जल्द मरम्मत की मांग
इलाज के लिए पहुंचे मरीज राजकुमार चौधरी, हरिनंदन यादव, बिनोद कुमार समेत स्थानीय बुद्धिजीवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताई. उनका कहना है कि एक सप्ताह से मशीन खराब रहने के बावजूद इसे ठीक कराने के लिए कोई तकनीकी टीम नहीं पहुंची, जो गंभीर लापरवाही है. लोगों ने जल्द से जल्द एक्स-रे मशीन दुरुस्त कराने की मांग की है.
सिविल सर्जन बोले- जल्द शुरू होगी सुविधा
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी. वहीं बेगूसराय के सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि उन्हें एक्स-रे मशीन खराब होने की जानकारी नहीं थी. उन्होंने कहा कि मरीजों के हित को देखते हुए मशीन को जल्द से जल्द ठीक कराकर एक्स-रे सेवा बहाल कराई जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By डबलू कुमार
डबलू कुमार प्रिंट माध्यम में 10 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अकबरनगर (भागलपुर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










