झमटिया गंगा घाट पर डीएम-एसपी का निरीक्षण, कांवरियों की सुरक्षा व सुविधाओं के दिए निर्देश

Updated:
विज्ञापन
सावन मेले के दौरान कांवरियों को किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी-डीएम

सावन मास और श्रावणी मेले की शुरुआत के साथ झमटिया धाम गंगा घाट पर जिला प्रशासन कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर सक्रिय हो गया है. डीएम और एसपी ने घाट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

विज्ञापन

Begusarai News : बछवाड़ा सावन मास और श्रावणी मेले की शुरुआत के साथ झमटिया धाम गंगा घाट पर आने वाले कांवरियों की सुरक्षा एवं सुविधा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. गुरुवार को बेगूसराय के जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री और पुलिस अधीक्षक मनीष ने संयुक्त रूप से झमटिया धाम गंगा घाट का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की हुई समीक्षा

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गंगा घाट पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्वच्छता कर्मियों को घाट परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. वहीं रात में जल भरने आने वाले कांवरियों की सुविधा के लिए हाईमास्ट एवं स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने के आदेश दिए गए.

गहरे पानी से बचाव के लिए बैरिकेडिंग और गोताखोर तैनात होंगे

गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी ने पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित गोताखोरों के साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही बैरिकेडिंग को और मजबूत करने को कहा गया, ताकि श्रद्धालु गहरे पानी में न जा सकें.

पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष जोर

लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को घाट मार्ग पर चापाकलों एवं अस्थायी पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया. प्रशासन ने स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य मूलभूत सुविधाओं को भी बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया.

फिसलन भरे रास्ते की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने घाट की सीढ़ियों के बाद ईंट सोलिंग पर काई जमने से फिसलन होने की समस्या अधिकारियों के समक्ष रखी. इसे गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित पंचायत के मुखिया को पंचायत निधि से तत्काल फिसलन-मुक्त पक्की ढलाई कराने का निर्देश दिया, ताकि कांवरियों का आवागमन सुरक्षित हो सके.

'कांवरियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी'

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि श्रावणी मेले के दौरान कांवरियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी. प्रशासन सुरक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है. निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी नीरज सिन्हा, बीडीओ अमित कुमार, सीओ प्रीतम गौतम, थानाध्यक्ष परेन्द्र कुमार, चिकित्सा प्रभारी डॉ. मनोज कुमार, आरओ रत्नेश्वर दास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिस बल एवं पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे.


विज्ञापन
डबलू कुमार

लेखक के बारे में

By डबलू कुमार

डबलू कुमार प्रिंट माध्यम में 10 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अकबरनगर (भागलपुर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन