बैठक में मादक पदार्थों के विरुद्ध की गयी कार्रवाई व लंबित मामलों की हुई समीक्षा

कार्यालय कक्ष में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में नार्कोटिक्स कोऑर्डिनेशन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी.
बेगूसराय. कार्यालय कक्ष में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में नार्कोटिक्स कोऑर्डिनेशन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक में अप्रैल 2026 के दौरान मादक पदार्थों के विरुद्ध की गयी कार्रवाई, उपलब्धियों तथा लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गयी. बैठक के दौरान पुलिस एवं मद्य निषेध विभाग द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार अप्रैल माह में कुल 10 नए कांड दर्ज किए गये, जबकि 08 अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गयी. विभिन्न छापेमारी अभियानों के क्रम में 2.50552 किलोग्राम गांजा, 54.59 ग्राम स्मैक, 871 लीटर कफ सिरप तथा 30,600 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद किए गये. वर्तमान में कुल 87 कांड अनुसंधानाधीन हैं, जबकि 53 मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं. जिला पदाधिकारी ने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिये संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने के लिये स्वास्थ्य विभाग द्वारा सदर अस्पताल, बेगूसराय में 4 बेड का विशेष नशा मुक्ति वार्ड संचालित किया जा रहा है, जहां चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की गयी है. इसके अतिरिक्त, जन-जागरूकता को सुदृढ़ करने हेतु शहर के 35 प्रमुख स्थलों पर होर्डिंग्स लगाए गये हैं तथा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नुक्कड़ नाटक आयोजित किये गये हैं. औषधि नियंत्रण के क्षेत्र में ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा निरंतर निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है. प्रतिकूल जांच रिपोर्ट के आधार पर गत माह 11 औषधि प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गये हैं. साथ ही, कांवर झील एवं रेलवे स्टेशनों के आसपास ड्रोन कैमरों तथा स्थानीय पुलिस के सहयोग से संयुक्त छापेमारी अभियान संचालित करने का निर्देश दिया गया है. जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिये गहन जांच की जा रही है, विशेषकर उन मामलों में जिनके तार अन्य राज्यों, जैसे पश्चिम बंगाल, से जुड़े पाये जा रहे हैं. जिला प्रशासन द्वारा नशा के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति अपनाते हुए इस दिशा में लगातार सख्त एवं समन्वित कार्रवाई जारी रखने का संकल्प दोहराया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










