बेगूसराय : CPI प्रत्याशी कन्हैया ने दाखिल किया नामांकन, बाॅलीवुड अदाकारा स्वरा भास्कर समेत कई दिग्गज पहुंचे
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 09 Apr 2019 9:22 AM
पटना : जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने बेगूसराय लोकसभा सीट से भाकपा उम्मीदवार के तौर पर मंगलवार को नामांकन पर्चा भरा. इस मौके पर बेगूसराय पहुंचनेवालों में बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर, मानवाधिकार कार्यकर्ता तीस्ता सीतलवाड, गुजरात से विधायक एवं दलित नेता जिग्नेश मेवाणी, जेएनयू की पूर्व छात्र नेता […]
पटना : जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने बेगूसराय लोकसभा सीट से भाकपा उम्मीदवार के तौर पर मंगलवार को नामांकन पर्चा भरा. इस मौके पर बेगूसराय पहुंचनेवालों में बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर, मानवाधिकार कार्यकर्ता तीस्ता सीतलवाड, गुजरात से विधायक एवं दलित नेता जिग्नेश मेवाणी, जेएनयू की पूर्व छात्र नेता शेहला राशिद आदि शामिल रहे. कन्हैया इस सीट से केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा उम्मीदवार गिरिराज सिंह को चुनौती दे रहे हैं.
गांव बीहट में स्थित अपने घर से निकलने से पहले कुमार ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह अपनी मां मीना देवी और जेएनयू से लापता हुए छात्र नजीब अहमद की मां फातिमा नफीसा से आशीर्वाद लेते दिख रहे हैं. जुलूस के साथ कन्हैया कलेक्ट्रेट पहुंचे और रास्ते में उन्होंने बेगूसराय जिले से ताल्लुक रखनेवाले हिंदी के जाने-माने कवि रामधारी सिंह दिनकर को श्रद्धांजलि दी. नामांकन पर्चा भरने के बाद कन्हैया रैली स्थल पर पहुंचे, जहां उक्त लोग भी मौजूद थे और वहां ‘लेके रहेंगे आजादी’ के नारे लगा रहे थे. उन्होंने पत्रकारों से कहा, ”मेरी लड़ाई किसी खास व्यक्ति से नहीं है, बल्कि एक विचारधारा के खिलाफ है, जो संविधान को खत्म करने की कोशिश में है.” कन्हैया ने कहा कि उनकी लड़ाई उन लोगों के खिलाफ है, जो लोगों को बिना मतलब के मुद्दों में फंसाते हैं, जबकि असल मुद्दे रोजी-रोटी, सेहत, शिक्षा और सामाजिक न्याय का है. गिरिराज सिंह ऐसी ताकतों के एक प्रतीक हैं.
लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन बेगूसराय से लोकसभा चुनाव के भाकपा प्रत्याशी कन्हैया कुमार ने ट्वीट कर नामांकन रैली में आनेवाले समर्थकों और कार्यकर्ताओं से अनुरोध किया है कि वे अनुशासित रहें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें. साथ ही उन्होंने एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड जैसी इमरजेंसी सेवाओं की गाड़ियों, स्कूल बसों को पहले निकलने देने की अपील की है.
आज नामांकन रैली में आने वाले समर्थकों और कार्यकर्ताओं से अनुरोध है कि वे अनुशासित रहें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें। कृपया एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड जैसी इमरजेंसी सेवा की गाड़ियों, स्कूल बस आदि को पहले निकलने दें। बहुत-बहुत शुक्रिया।
— Kanhaiya Kumar (@kanhaiyakumar) April 9, 2019
इससे पहले कन्हैया कुमार खुद को नेता नहीं ‘बेटा’ बताते हुए ट्वीट कर जानकारी दी कि वह नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए जाने से पहले राष्ट्रकवि दिनकर, कॉ चंद्रशेखर सिंह, कॉ सूरज नारायण सिंह, श्रीकृष्ण सिंह, सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे. नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद वह एक बजे जनसभा को भी संबोधित करेंगे.
साथियों, कल मुझे लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन करना है। यह चुनाव मैं अकेले नहीं लड़ रहा, बल्कि वे सभी मेरे साथ उम्मीदवार के तौर पर खड़े हैं जो शोषितों के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उम्मीद है जो साथी बेगूसराय में हैं वे समय निकालकर इस मौके पर मेरे साथ ज़रूर मौजूद रहेंगे। pic.twitter.com/zA1x0MEDqV
— Kanhaiya Kumar (@kanhaiyakumar) April 8, 2019
इससे पहले कन्हैया ने ट्वीट कर लिखा कि ‘मांओं के आशीर्वाद और दुआओं के साथ नामांकन के लिए निकल रहा हूं. यह सीख उनसे ही मिली है कि लक्ष्य चाहे कितना ही बड़ा क्यों न हो, अगर हम लगातार कोशिश करें तो जीत जरूर मिलती है. और यह भी कि पूरी दुनिया के दुख-दर्द को अपना दुख-दर्द समझना ही इंसान होने की पहली शर्त है.’
माँओं के आशीर्वाद और दुआओं के साथ नामांकन के लिए निकल रहा हूँ। यह सीख उनसे ही मिली है कि लक्ष्य चाहे कितना ही बड़ा क्यों न हो अगर हम लगातार कोशिश करें तो जीत ज़रूर मिलती है। और यह भी कि पूरी दुनिया के दुख-दर्द को अपना दुख-दर्द समझना ही इंसान होने की पहली शर्त है। pic.twitter.com/klsu9WQDah
— Kanhaiya Kumar (@kanhaiyakumar) April 9, 2019
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










