बांका में कहीं पेयजल के लिए तरस रहे लोग, तो कहीं सरकारी आवास के पास रोज बह रहा हजारों लीटर पानी

Updated:
विज्ञापन
बांका में कहीं पेयजल के लिए तरस रहे लोग, तो कहीं सरकारी आवास के पास रोज बह रहा हजारों लीटर पानी

Banka News : जल संरक्षण का संदेश देने वाले सरकारी तंत्र की बड़ी लापरवाही रजौन प्रखंड मुख्यालय में खुलकर सामने आई है. बीडीओ आवास की दीवार से सटे नल से रोज हजारों लीटर पानी बह रहा है, लेकिन किसी अधिकारी की नजर इस पर नहीं पड़ रही.

विज्ञापन

रजौन(बांका) से पीयूष कुमार की रिपोर्ट : बांका जिले के रजौन प्रखंड मुख्यालय में सरकारी लापरवाही की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने जल संरक्षण के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं. प्रखंड पदाधिकारी के सरकारी आवास के समीप लगे नल से लगातार पानी बह रहा है और रोज हजारों लीटर पीने योग्य पानी बर्बाद हो रहा है. हैरानी की बात यह है कि इसी रास्ते से प्रतिदिन अधिकारी, कर्मचारी और आम लोग गुजरते हैं, लेकिन समस्या पर अब तक किसी ने ध्यान नहीं दिया.

बीडीओ आवास के पास बह रहा पानी

स्थानीय लोगों के अनुसार जिस नल से लगातार पानी बह रहा है, वह बीडीओ आवास की चहारदीवारी से सटा हुआ है. यह रास्ता प्रखंड मुख्यालय आने-जाने का मुख्य मार्ग भी है, जहां से विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी रोज गुजरते हैं. इसके बावजूद पानी की बर्बादी को रोकने के लिए कोई पहल नहीं की जा रही है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत कर दी जाए तो हजारों लीटर पानी बचाया जा सकता है.

जल संरक्षण के दावों पर सवाल

एक ओर सरकार जल संरक्षण और जल बचाव को लेकर जागरूकता अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर सरकारी कार्यालय परिसर के पास ही पानी की खुलेआम बर्बादी हो रही है. ग्रामीणों का कहना है कि गांवों में अगर कहीं नल खराब मिल जाए या पानी बहता दिख जाए तो संबंधित लोगों को तुरंत फटकार लगाई जाती है. लेकिन जब मामला प्रखंड मुख्यालय और अधिकारियों के आवास से जुड़ा हो, तब जिम्मेदार लोग चुप्पी साध लेते हैं.

पीएचईडी की कार्यशैली पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों ने इसे पीएचईडी विभाग की बड़ी लापरवाही बताया है. लोगों का कहना है कि यदि प्रखंड मुख्यालय में “हर घर नल का जल” योजना की यह स्थिति है, तो गांवों में योजनाओं की हालत का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है. लगातार बहते पानी के कारण आसपास कीचड़ और गंदगी भी फैल रही है, जिससे राहगीरों को परेशानी हो रही है.

लोगों ने की त्वरित कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल खराब नल की मरम्मत कराने और पानी की बर्बादी रोकने की मांग की है. लोगों का कहना है कि जल संरक्षण केवल भाषण और पोस्टरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जमीनी स्तर पर भी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन