बिहार में पंचायत चुनाव से पहले कुर्सी की जंग तेज, समर्थन जुटाने के लिए मैदान में उतरे उम्मीदवार
Published by : Ragini Sharma Updated At : 22 May 2026 12:05 PM
Bihar News: चेनारी नगर पंचायत में सशक्त स्थायी समिति के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. 29 मई को होने वाले चुनाव से पहले वार्ड पार्षदों के बीच समर्थन जुटाने और रणनीति बनाने का दौर लगातार जारी है.
Bihar News:(संदेश जायसवाल) रोहतास में सशक्त स्थायी समिति का चुनाव 29 मई को प्रखंड कार्यालय सभागार में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराया जाएगा. चुनाव की तारीख नजदीक आते ही राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. नगर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है. नगर पंचायत कार्यालय से लेकर बाजार और चौक-चौराहों तक समिति गठन को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं.
नगर विकास की सबसे अहम समिति
सशक्त स्थायी समिति को नगर पंचायत की सबसे महत्वपूर्ण समिति माना जाता है. सड़क, नाला, सफाई, जलापूर्ति और विकास योजनाओं से जुड़े सभी प्रमुख निर्णय इसी समिति के माध्यम से लिए जाते हैं. इसी कारण समिति में स्थान पाने को लेकर पार्षदों के बीच अंदरखाने समर्थन जुटाने और समीकरण साधने की कवायद तेज हो गई है.
गुटबाजी और रणनीति में जुटे पार्षद
सूत्रों के अनुसार, अध्यक्ष और उपाध्यक्ष समर्थक गुट अपने-अपने उम्मीदवारों को समिति में शामिल कराने के लिए लगातार संपर्क अभियान चला रहे हैं. कई पार्षद खुलकर कुछ नहीं बोल रहे हैं, लेकिन राजनीतिक समीकरण तेजी से बदलते दिखाई दे रहे हैं. मुख्य पार्षद उमा रंजन ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न कराई जाएगी. वहीं कुछ पार्षदों का कहना है कि समिति में ऐसे प्रतिनिधियों को शामिल किया जाना चाहिए जो नगर विकास और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दें.
कड़ी सुरक्षा के बीच होगी मतदान प्रक्रिया
चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है. मतदान के लिए तीन बैलेट बॉक्स लगाए जाएंगे.
पूरी प्रक्रिया–मतदान, मतगणना और विजयी उम्मीदवारों को शपथ ग्रहण-एक ही दिन में संपन्न कराई जाएगी.
संभावित उम्मीदवारों ने तेज किया संपर्क अभियान
जानकारी के अनुसार समिति के तीन पदों के लिए कई उम्मीदवार मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। पहले से चल रही चर्चाओं के अनुसार करीब दस उम्मीदवारों के बीच मुकाबले की संभावना जताई जा रही है. अब चुनाव की नई तारीख तय होने के बाद समीकरण फिर से बदलते नजर आ रहे हैं और संभावित उम्मीदवार वार्ड पार्षदों से लगातार संपर्क साध रहे हैं.
वार्ड पार्षदों की भूमिका होगी निर्णायक
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बार मुकाबला काफी रोचक होगा, क्योंकि वार्ड पार्षदों की भूमिका निर्णायक रहने वाली है. अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि समिति में किस गुट का दबदबा कायम होता है और नगर विकास की दिशा किस ओर जाती है.
Also Read:आरा में जुलाई में सामूहिक विवाह का आयोजन, 251 जोड़ों होंगे शामिल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










