कटोरिया में स्कॉर्पियो के धक्के से पहली कक्षा का बच्चा घायल, इलाजरत

Banka Accident News : कटोरिया-बांका मुख्य सड़क पर शुक्रवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब स्कूल के सामने तेज रफ्तार स्कॉर्पिओ ने एक मासूम छात्र को टक्कर मार दी. हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया.
कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट : बांका जिले के कटोरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत राधानगर बाजार स्थित मध्य विद्यालय के सामने शुक्रवार को सड़क हादसे में पहली कक्षा का छात्र घायल हो गया. अनियंत्रित स्कॉर्पिओ की टक्कर से छह वर्षीय अंकुश कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गया. घायल छात्र को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटोरिया में भर्ती कराया गया.
स्कूल के सामने हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार हेंठनेंगाजोर गांव निवासी पूरन दास और आशा देवी का पुत्र अंकुश कुमार मध्य विद्यालय राधानगर में प्रथम वर्ग का छात्र है. शुक्रवार को स्कूल के सामने सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पिओ ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर जुट गए. स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र को तुरंत कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.
अस्पताल में चला इलाज
कटोरिया सीएचसी में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनोद कुमार और सीएचओ गणपत लाल ने घायल छात्र का प्राथमिक उपचार किया. डॉक्टरों के अनुसार छात्र को चोटें आई हैं, हालांकि समय पर इलाज मिलने से उसकी स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है. घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां बच्चे की हालत देखकर परिवार के लोग काफी परेशान नजर आए.चालक वाहन समेत फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के तुरंत बाद स्कॉर्पिओ चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है.
स्कूल सुरक्षा को लेकर फूटा गुस्सा
स्कूल के सामने हुई इस दुर्घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया. लोगों का कहना है कि स्कूल के सामने स्पीड कंट्रोल और सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण लगातार हादसों का खतरा बना रहता है. परिजनों ने स्कूल के सामने स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और ट्रैफिक नियंत्रण की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










