कांवरिया पथ पर हादसा : बाबाधाम के लिए दंडवत यात्रा पर निकले पिता के साथ जा रहे किशोर की मौत
गमगीन श्रद्धालु.
Banka News : बांका जिले में बाबाधाम के लिए दंडवत यात्रा कर रहे पिता का सामान ले जा रहे 17 वर्षीय पुत्र की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. घटना से श्रद्धालु स्तब्ध रह गए और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Banka News : बांका जिले के जिलेबिया मोड़ थाना क्षेत्र स्थित झरना पहाड़ के समीप सोमवार को दंडवत यात्रा के दौरान एक किशोर श्रद्धालु की अचानक मौत हो गई. मृतक अपने पिता का जरूरी सामान मोटरसाइकिल से लेकर चल रहा था. घटना के बाद पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
पिता की दंडवत यात्रा में निभा रहा था साथ
मृतक की पहचान भागलपुर जिले के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के चौधरी बासा गांव निवासी रामबदन मंडल के 17 वर्षीय पुत्र रघुनंदन कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, रामबदन मंडल सुल्तानगंज से बाबाधाम देवघर तक कठिन दंडवत यात्रा कर रहे थे. उनका पुत्र मोटरसाइकिल से उनके साथ चल रहा था और यात्रा के दौरान आवश्यक सामान लेकर जा रहा था.
अचानक बिगड़ी तबीयत, मौके पर हुई मौत
सोमवार 13 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे जब दोनों जिलेबिया मोड़ के झरना पहाड़ के पास पहुंचे, तभी रघुनंदन कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ गई. इससे पहले कि उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जाता, उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद वहां मौजूद श्रद्धालु भी स्तब्ध रह गए.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही जिलेबिया मोड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव
थानाध्यक्ष राजू कुमार ठाकुर ने बताया कि दंडवत यात्रा कर रहे पिता का सामान लेकर चल रहे युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से असामयिक मृत्यु हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी. पुलिस आगे की आवश्यक कार्रवाई कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए