बांका में पुलिस बनकर ठगी का नया खेल, थाना प्रभारी बन साइबर जालसाज ने मांगे रुपये, FIR दर्ज

साइबर ठग की सांकेतिक तस्वीर.
Banka Cyber Fraud : बांका में एक हैरान करने वाला साइबर फ्रॉड सामने आया है, जहां एक जालसाज ने खुद को थाना प्रभारी बताकर पैसे की मांग की. पीड़ित की सतर्कता ने ठग की चाल नाकाम कर दी, जिसके बाद FIR दर्ज की गई है.
Banka Cyber Fraud : बांका के बाराहाट थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. एक शातिर ने खुद को बाराहाट थाना प्रभारी बताकर एक व्यक्ति को फोन किया और नामजद आरोपियों पर कार्रवाई का भरोसा देते हुए रुपये की मांग की. पीड़ित की सूझबूझ से जालसाज की साजिश नाकाम हो गई और मामले की प्राथमिकी दर्ज करा दी गई.
थाना प्रभारी बनकर मांगे रुपये
जानकारी के अनुसार, बाराहाट थाना क्षेत्र के केनुवाटीकर गांव निवासी अमरेंद्र कुमार दर्बे के मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया. कॉल करने वाले ने स्वयं को बाराहाट थाना प्रभारी बताते हुए कहा कि उनके मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, लेकिन इसके लिए कुछ रुपये देने होंगे.
शक होने पर रिकॉर्ड की बातचीत
बातचीत के दौरान अमरेंद्र कुमार को कॉल करने वाले पर संदेह हुआ. उन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए पूरी बातचीत की रिकॉर्डिंग शुरू कर दी. इसके बाद उन्होंने बाराहाट थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात साइबर जालसाज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है.
ऑनलाइन जानकारी का उठा रहे हैं गलत फायदा
बाराहाट थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि वर्तमान में पुलिस की अधिकांश कार्यप्रणाली ऑनलाइन संचालित होती है और दर्ज प्राथमिकी से जुड़ी कई जानकारियां भी ऑनलाइन उपलब्ध रहती हैं. कुछ साइबर अपराधी इन्हीं जानकारियों का दुरुपयोग कर पुलिस अधिकारी बनकर लोगों को फोन करते हैं और कार्रवाई का डर या लालच दिखाकर रुपये ऐंठने की कोशिश करते हैं.
पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील
थानाध्यक्ष ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति पुलिस अधिकारी बनकर फोन पर रुपये की मांग करे, तो उसकी बातों पर बिना पुष्टि किए भरोसा न करें. ऐसे किसी भी संदिग्ध कॉल की सूचना तुरंत स्थानीय थाना या साइबर पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और साइबर ठगी से बचा जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अजय कुमार झा
अजय कुमार झा प्रिंट माध्यम में 14 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बाराहाट (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










