बढ़ेगा तापमान, शाम में भी नहीं मिलेगी राहत

Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 18 May 2026 8:32 AM

विज्ञापन

Bnaka News : बांका में गर्मी अब सिर्फ दिन तक सीमित नहीं रहेगी. मौसम विभाग और कृषि विज्ञान केंद्र की चेतावनी के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान लगातार बढ़ेगा और सुबह से लेकर देर शाम तक उमस लोगों को परेशान करेगी. 20 मई तक हालात और कठिन हो सकते हैं.

विज्ञापन

बांका सं चंदन कुमार की रिपोर्ट :

बांका जिले में पिछले दो दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. गर्म हवाओं और बढ़ती नमी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है. कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार आने वाले दिनों में जिले में उमस भरी गर्मी का असर और तेज होगा. खास बात यह है कि अब शाम के समय भी लोगों को राहत मिलने की संभावना कम दिखाई दे रही है.

दिन के साथ रात में भी बढ़ेगी बेचैनी

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बांका में तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होगी. दिन के समय तेज धूप और नमी की वजह से उमस अधिक महसूस होगी. वहीं शाम होने के बाद भी गर्मी का असर बना रहेगा. इससे बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हो सकती है.

20 मई तक और बढ़ सकती है गर्मी

कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम बुलेटिन में कहा गया है कि 20 मई तक जिले में तापमान और ऊपर जा सकता है. मौसम विभाग ने भी अगले कुछ दिनों तक गर्मी बढ़ने के संकेत दिये हैं. हालांकि 18 से 20 मई के बीच मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है, लेकिन इससे बहुत ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है.

उमस ने बिगाड़ा जनजीवन

लगातार बढ़ रही गर्मी और नमी ने आम लोगों की दिनचर्या को प्रभावित करना शुरू कर दिया है. बाजारों में दोपहर के समय भीड़ कम दिख रही है, जबकि बिजली की खपत तेजी से बढ़ी है. लोग गर्मी से बचने के लिए ठंडे पेय और घरों में रहने को मजबूर हैं.

किसानों के लिए भी बढ़ी चिंता

विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ती गर्मी का असर खेती और पशुपालन पर भी पड़ सकता है. किसानों को खेतों में काम करने के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गयी है. अधिक गर्मी और उमस फसलों की नमी पर भी असर डाल सकती है.

सावधानी ही बचाव

विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर में जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलने, अधिक पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है. बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत बतायी गयी है.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन