भंडारी चक में स्कॉर्पियो व ऑटो की हुई टक्कर, चालक की हालत गंभीर

Banka News : बौंसी-भागलपुर स्टेट हाईवे पर मंगलवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. भंडारी चक के पास स्कॉर्पियो और ऑटो की आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए, जबकि स्कॉर्पियो बिजली का पोल तोड़ते हुए दुकान तक जा पहुंची.
दुमका-बौंसी-भागलपुर स्टेट हाईवे पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा हंसडीहा-बौंसी मार्ग स्थित भंडारी चक के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और ऑटो के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
टक्कर के बाद उड़ गए ऑटो के परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झारखंड की ओर से आ रही स्कॉर्पियो और उसी दिशा से चल रही ऑटो अचानक भंडारी चक के समीप टकरा गईं. टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े.
गंभीर हालत में भागलपुर रेफर
स्थानीय लोगों की मदद से घायल ऑटो चालक संतोष कुमार, निवासी डहुआ गांव, को तुरंत बौंसी रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया. बताया जा रहा है कि चालक की हालत नाजुक बनी हुई है.बिजली पोल तोड़ दुकान तक पहुंची स्कॉर्पियो
हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका. अनियंत्रित स्कॉर्पियो सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोल टूट गया और वाहन पास की एक दुकान के गेट तक जा पहुंचा. घटना के बाद कुछ देर तक हाईवे पर अफरा-तफरी और लोगों की भारी भीड़ लगी रही.
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस स्कॉर्पियो चालक को पूछताछ के लिए थाना ले गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










