औरिया पंचायत में लगा ‘जनता दरबार’, DDC व DSP ने मौके पर शिकायतों का कराया समाधान
Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 19 May 2026 4:07 PM
Banka News : बाराहाट प्रखंड के औरिया पंचायत में मंगलवार को प्रशासन गांव की चौखट तक पहुंच गया. जनता दरबार जैसे माहौल में DDC और DSP खुद ग्रामीणों के बीच पहुंचे, समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया. अधिकारियों की सक्रियता देख ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा.
बाराहाट बांका से अजय कुमार झा की रिपोर्ट :
ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन को लेकर बाराहाट प्रखंड क्षेत्र के औरिया पंचायत में विशेष जनसहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में जिला और प्रखंड स्तर के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने ग्रामीणों की शिकायतें सुनकर संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट निपटारा भी किया गया.DDC और DSP ने खुद संभाला मोर्चा
शिविर की संवेदनशीलता को देखते हुए उप विकास आयुक्त उपेंद्र सिंह और मुख्यालय डीएसपी आदित्य कुमार विशेष रूप से मौके पर पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं एक-एक कर सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए. शिविर में जमीन विवाद, दाखिल-खारिज, विकास योजनाओं और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई.
‘दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें’
DDC उपेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार और प्रशासन का उद्देश्य गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करना है. उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों का मकसद यही है कि आम लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें. शिविर में आवेदन लेने के साथ-साथ उन पर तत्काल कार्रवाई भी की गई. अधिकारियों की टीम ने समन्वय बनाकर कई लंबित मामलों का मौके पर ही निपटारा किया.कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी गोपाल कुमार गुप्ता, अंचल अधिकारी विकास कुमार और थाना अध्यक्ष अशोक कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे. थाना अध्यक्ष अशोक कुमार ने कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों को मौके पर ही शांत कराया, जबकि अन्य अधिकारियों ने विकास योजनाओं से जुड़ी शिकायतों की समीक्षा की.
प्रशासनिक पहल से खुश दिखे ग्रामीण
जमीन और सरकारी योजनाओं से जुड़े मामलों का तुरंत समाधान होते देख ग्रामीणों ने राहत की सांस ली. स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव स्तर पर ऐसे शिविरों से लोगों को बड़ी सुविधा मिलती है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










