बांका के बौंसी में गणित-विज्ञान मेले में छात्रों का कमाल, नवाचार और वैज्ञानिक सोच ने जीता दिल
फोटो कैप्शन: उत्कृष्ट प्रदर्श के साथ विद्यालय के बच्चे | Prabhat Khabar Network
बांका जिले के बौंसी में आयोजित गणित-विज्ञान मेले में विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच और नवाचार का प्रदर्शन किया. छात्रों द्वारा प्रस्तुत किए गए आकर्षक मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे, जिनमें से कई ने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया.
Banka News: बांका जिले के बौंसी स्थित परमेश्वर लाल खेमका सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर में गुरुवार को गणित-विज्ञान मेले का भव्य आयोजन किया गया. विद्यालय परिसर में आयोजित इस प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विज्ञान और गणित से जुड़े विभिन्न विषयों पर आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए.
कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार सिंह, उपाध्यक्ष जलधर हरिजन, प्रधानाचार्य जीतेंद्र प्रसाद, समिति सदस्य नवनीत बसंत, रेखा कुमारी, पूर्व आचार्य बासुकी प्रसाद साह, मुकेश कुमार तथा सीएनडी विद्यालय से सेवानिवृत्त शिक्षक सुरेश शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इसके बाद अतिथियों ने तेजस और ब्रह्मोस के मॉडल के समक्ष श्रीफल फोड़कर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया.
विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए आकर्षक विज्ञान और गणित मॉडल
गणित-विज्ञान मेले में विद्यार्थियों ने प्रमेय प्रमाणीकरण, क्षेत्रमिति, नियमित बहुभुज, बीजगणित, आधारभूत संक्रियाएं और ज्यामितीय आकृतियों से जुड़े मॉडल प्रदर्शित किए. विज्ञान अनुभाग में प्रदूषण, सरल मशीन, प्राथमिक उपचार, हृदय की गतिविधि, परमाणु संरचना और सेंसर आधारित तकनीक पर आधारित मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे.
अतिथियों ने विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच, प्रस्तुति शैली और नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में जिज्ञासा, प्रयोगधर्मिता और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करते हैं.
प्रतियोगिता में इन छात्रों ने हासिल किया प्रथम स्थान
प्रतियोगिता में वर्षा, खुशी, कमलनयन, श्रेष्ठ सांडिल्य, सबीरा, रिंकेश, हर्षित, नमन, ऋषि प्रतीक, श्रेया रानी, भवानी, प्रत्यूष, ऋषभ, श्रेष्ठ और आदित्य ने प्रथम स्थान प्राप्त किया.
द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों में प्राप्ति, अंबिशा एंजल, श्रेया झा, आर्या झा, आर्या भुवानिया, रिकी और आयुष शामिल रहे, जबकि पीहू और आदर्श ने तृतीय स्थान हासिल किया. सभी विजेता छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया.
Also Read: पटना में सफाईकर्मियों की हड़ताल आठवें दिन खत्म, सीधे अकाउंट में वेतन व बोनस का मिलेगा लाभ
Banka News: विभागीय विज्ञान मेले में करेंगे विद्यालय का प्रतिनिधित्व
प्रधानाचार्य जीतेंद्र प्रसाद ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यही बच्चे देश के भावी वैज्ञानिक हैं और भविष्य में राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकते हैं.
उन्होंने बताया कि प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागी अब विभागीय विज्ञान मेले में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे. कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम प्रमुख शिखा ठाकुर और सह-प्रमुख अमरकांत मिश्रा ने किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संजीव कुमार
संजीव कुमार पाठक प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बौंसी (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










