पानी के तेज बहाव में बहा नप का डायवर्सन, बाजार का एकमात्र रास्ता टूटा, स्कूली बच्चों समेत ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी

Updated:
विज्ञापन

टूटा डायवर्सन. | Prabhat Khabar Network

Bridge Washed Away : बांका नगर परिषद के वार्ड 19 में लगातार बारिश से ओढ़नी नदी उफान पर है, जिससे बिदायडीह-चुरैली का बाजार से संपर्क टूट गया है. नगर परिषद द्वारा बनाया गया डायवर्सन बह जाने से स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है. लोग सुरक्षित आवागमन के लिए स्थायी पुल की मांग कर रहे हैं.

विज्ञापन

Bridge Washed Away : बांका नगर परिषद के वार्ड संख्या 19 स्थित बिदायडीह-चुरैली इलाके में लगातार बारिश के बीच ओढ़नी नदी में आए तेज बहाव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. नगर परिषद द्वारा बनाया गया पुलियानुमा डायवर्सन बह जाने से बाजार जाने वाला एकमात्र संपर्क मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है. स्कूली बच्चों, ग्रामीणों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

सुबह छह बजे तेज बहाव में बह गया डायवर्सन

स्थानीय लोगों के अनुसार गुरुवार सुबह करीब छह बजे ओढ़नी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया. तेज बहाव के कारण नगर परिषद द्वारा बनाया गया पुलियानुमा डायवर्सन क्षतिग्रस्त होकर बह गया. बताया गया कि इस डायवर्सन का निर्माण 10 नवंबर 2025 को कराया गया था, लेकिन यह एक साल भी पूरा नहीं कर सका. पहली बड़ी बारिश में ही इसके बह जाने से निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं.

स्कूल नहीं पहुंच सके कई बच्चे

डायवर्सन टूटने के बाद क्षेत्र के कई बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई और वे स्कूल नहीं पहुंच सके. वहीं बाजार जाने वाले ग्रामीणों को कमर भर पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है. तेज बहाव के बीच आवागमन करना बेहद जोखिम भरा साबित हो रहा है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है.

हर साल बरसात में झेलनी पड़ती है परेशानी

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में हर साल यही स्थिति बन जाती है. नदी का जलस्तर बढ़ते ही संपर्क मार्ग बाधित हो जाता है, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित होता है. लोगों ने डायवर्सन निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि मजबूत निर्माण हुआ होता तो यह पहली ही बारिश में नहीं बहता.

स्थायी पुल और वैकल्पिक व्यवस्था की मांग

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और नगर परिषद से तत्काल वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था करने की मांग की है. साथ ही स्थायी पुल निर्माण की भी मांग उठाई है, ताकि हर वर्ष बरसात के दौरान लोगों को इस समस्या से जूझना न पड़े और बच्चों, किसानों तथा आम नागरिकों का आवागमन सुरक्षित बना रहे.


विज्ञापन
सुभाष वैद्य

लेखक के बारे में

By सुभाष वैद्य

सुभाष वैद्य प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत वर्ष 2005 में की. अभी प्रभात खबर के बांका कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन