हत्या मामले में फरार दो आरोपितों के घर पुलिस ने चिपकाया इश्तेहार, कुर्की-जब्ती की चेतावनी

Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 29 May 2026 11:10 AM

विज्ञापन

Banka News : तीन महीने पहले घर में घुसकर वृद्ध की गोली मारकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों पर अब पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. बेलहर पुलिस ने दोनों के घर इश्तिहार चिपकाकर जल्द आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी है.

विज्ञापन

बेलहर (बांका)से अभय कुमार ”सोनू” की रिपोर्ट

Banka News : बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र अंतर्गत नवटोलिया गांव में हत्या मामले के दो फरार आरोपियों के घर पुलिस ने इश्तिहार चिपकाया है. थाना कांड संख्या 67/26 में नामजद आरोपी विक्की कुमार उर्फ प्रकाश यादव और फंटूश यादव पर घर में घुसकर एक वृद्ध व्यक्ति की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है. लंबे समय से फरार रहने के कारण न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने यह कार्रवाई की.

घर में घुसकर की गयी थी हत्या

जानकारी के अनुसार, 14 मार्च 2026 की रात सुरेंद्र प्रसाद सिंह अपने घर में खाना खाकर सो रहे थे. इसी दौरान दो लोग घर में घुसे और उन्हें “बाबा-बाबा” कहकर बुलाया. जैसे ही वह बाहर आए, आरोपियों ने उन्हें गोली मार दी और मौके से फरार हो गए.गोली लगने से सुरेंद्र प्रसाद सिंह की मौत हो गयी थी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी थी.

बेटे ने दर्ज करायी थी प्राथमिकी

हत्या के बाद मृतक के पुत्र चंदन कुमार सिंह ने बेलहर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. मामले में विक्की कुमार उर्फ प्रकाश यादव और फंटूश यादव को नामजद आरोपी बनाया गया था.पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी के बावजूद दोनों आरोपी गिरफ्तारी से बचते रहे और फरार चल रहे हैं.

न्यायालय के आदेश पर चिपकाया गया इश्तेहार

लंबे समय तक फरार रहने के कारण न्यायालय द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ इश्तिहार जारी किया गया. इसके बाद बेलहर थाना पुलिस ने शुक्रवार को नवटोलिया गांव पहुंचकर आरोपियों के घर पर इश्तिहार चिपकाया.पुलिस ने इश्तिहार के माध्यम से दोनों आरोपियों को जल्द न्यायालय में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है.

आत्मसमर्पण नहीं करने पर होगी कुर्की-जब्ती

पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी समय पर कोर्ट में आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनके घर की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी.इस कार्रवाई के दौरान थानाध्यक्ष दिनेश कुमार वर्मा, पुअनी गौतम कुमार शर्मा, सअनी हरेराम यादव और अन्य पुलिस जवान मौजूद रहे.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन