बांका में फिर सक्रिय होगा मानसून, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा का येलो अलर्ट जारी

Updated:
विज्ञापन
फोटो - मौसम की तस्वीर | Prabhat Khabar Network

आसमान में छाये बादल. | Prabhat Khabar Network

Banka Weather Alert : बांका जिले के लिए राहत भरी खबर आई है. बिहार कृषि विश्वविद्यालय के पूर्वानुमान के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी बिहार में मानसून फिर सक्रिय होने की संभावना है. मंगलवार को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है, साथ ही तेज हवाएं भी चल सकती हैं.

विज्ञापन

Banka Weather Alert : कई दिनों से सुस्त पड़े मानसून के बाद अब बांका जिले के किसानों और आम लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर की ग्रामीण कृषि मौसम सेवा और भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार बांका सहित दक्षिण-पूर्वी बिहार में मानसून दोबारा सक्रिय होने की संभावना है. मंगलवार को जिले में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया गया है. इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा भी चल सकती है. मौसम विभाग ने इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है.

उमस से मिलेगी राहत, तापमान में होगी गिरावट

मंगलवार की सुबह तेज धूप निकलने के बाद धीरे-धीरे मौसम ने करवट ली. आसमान में बादलों की आवाजाही शुरू हुई और दोपहर बाद अधिकांश समय बादल छाए रहे. हालांकि बीच-बीच में धूप और छांव का सिलसिला भी चलता रहा. मौसम में इस बदलाव से लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हो सकती है. जिले का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

किसानों के लिए राहत भरी खबर

29 जुलाई के दौरान जिले में बारिश का सिलसिला खेती के लिए लाभदायक साबित हो सकता है. धान की रोपाई कर चुके किसानों को सिंचाई की चिंता से राहत मिलेगी, जबकि जिन क्षेत्रों में अभी भी खेतों में पर्याप्त नमी नहीं है वहां भी वर्षा से फायदा होगा. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, जबकि मौसम सामान्य से अधिक अनुकूल बना रहेगा.

वज्रपात और तेज हवा को लेकर सावधानी जरूरी

पूर्वानुमान के अनुसार इस अवधि में अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. सुबह की सापेक्ष आर्द्रता 80 से 90 प्रतिशत और दोपहर में 55 से 60 प्रतिशत रहने की संभावना है. पूर्वी दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें तथा मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर लगातार नजर बनाए रखें. यदि अत्यंत आवश्यक न हो तो खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से भी बचें.


विज्ञापन
मदन कुमार

लेखक के बारे में

By मदन कुमार

मदन कुमार प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन