द हंड्रेड में रोमांच का डबल डोज: पुरुष टीम ने आखिरी गेंद पर जीता मैच, महिला टीम 1 रन से हारी
MI लंदन और सदर्न ब्रेव की पुरुष व महिला टीम (फोटो—एक्स)
द हंड्रेड 2026 में क्रिकेट प्रेमियों ने जबरदस्त रोमांच का अनुभव किया. MI लंदन ने पुरुषों के मुकाबले में आखिरी गेंद पर शानदार जीत हासिल की, जबकि जेमिमा रोड्रिग्स के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने महिला मैच में जान डाल दी.
The Hundred 2026: द हंड्रेड में 27 जुलाई को क्रिकेट फैंस को जबरदस्त रोमांच देखने को मिला. एक तरफ पुरुष मुकाबले में MI लंदन ने आखिरी गेंद पर सदर्न ब्रेव को 3 विकेट से हरा दिया, वहीं महिला मुकाबले में सदर्न ब्रेव ने शानदार वापसी करते हुए MI लंदन महिला टीम को सिर्फ 1 रन से मात दी. भारतीय बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ने इस मैच में दमदार पारी खेलकर प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार भी जीता.
आखिरी गेंद पर MI लंदन की रोमांचक जीत
पुरुष मुकाबले में सदर्न ब्रेव ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 100 गेंदों में 129/9 का स्कोर बनाया. जवाब में MI लंदन की शुरुआत खराब रही और मार्कस स्टोइनिस ने शुरुआती झटके दिए. इसके बाद विल जैक्स ने 54 रन और सैम करन ने 30 रन बनाकर टीम को संभाला.
लास्ट बॉल पर चाहिए थे 2 रन
हालांकि, आखिरी ओवरों में मैच पूरी तरह रोमांचक हो गया. अंतिम गेंद पर MI London को जीत के लिए 2 रन चाहिए थे. स्ट्राइक पर मौजूद ओली पोप ने निखिल चौधरी की गेंद को पॉइंट की दिशा में खेलकर तेजी से दो रन पूरे किए और टीम को 3 विकेट से यादगार जीत दिला दी.
जेमिमा ने दिखाई क्लास
वहीं महिला मुकाबले में सदर्न ब्रेव ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 126/7 का स्कोर बनाया. टीम की ओर से जेमिमा रोड्रिग्स ने मुश्किल इंग्लिश परिस्थितियों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 22 गेंदों पर 32 रन बनाए. उन्होंने लॉरा वोल्वार्ड्ट के साथ 60 रन की अहम साझेदारी भी की, जिससे टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सकी.
लॉरेन बेल की शानदार गेंदबाजी
लक्ष्य का पीछा करते हुए MI लंदन जीत की ओर बढ़ती दिख रही थी. डैनी वायट-हॉज ने नाबाद अर्धशतक जड़ा और कप्तान होली आर्मिटेज के साथ मजबूत साझेदारी निभाई. लेकिन आखिरी ओवरों में सदर्न ब्रेव के गेंदबाजों ने शानदार वापसी की. लॉरेन बेल ने अंतिम सेट में 7 रन का सफल बचाव किया और MI लंदन को सिर्फ 1 रन से हार का सामना करना पड़ा. मैच के बाद जेमिमा रोड्रिग्स ने कहा कि उनकी टीम की सबसे बड़ी ताकत उसका शांत रवैया और आखिरी तक जीत पर भरोसा बनाए रखना है.
Also Read: दहेज की प्रताड़ना, आया की नौकरी... जानें कौन हैं कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड दिलाने वाली शर्मीला धनखड़
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए