संकट मोचन से पंचमुखी मंदिर तक श्रद्धालुओं की रही भारी भीड़, सुंदरकांड, महाआरती ने बनाया भक्तिमय माहौल

Updated:
विज्ञापन
बजरंगबली मंदिर में विराजमान प्रतिमा | Prabhat Khabar Network

बजरंगबली मंदिर में विराजमान प्रतिमा | Prabhat Khabar Network

Hanuman Temple : मंगलवार को जिले भर के हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा. भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की. सुंदरकांड और महाआरती से पूरा वातावरण भक्तिमय रहा.

विज्ञापन

Hanuman Temple : मंगलवार को जिले के विभिन्न बजरंगबली मंदिरों में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला. सुबह होते ही मंदिरों के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं. भक्तों ने रामभक्त हनुमान की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और मंगलमय जीवन की कामना की. सुबह मंदिर परिसरों में सामूहिक सुंदरकांड पाठ एवं हनुमान चालीसा के पाठ से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा. पूजा के बाद कपूर और घी के दीपकों से महाआरती हुई तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया.

संकट मोचन मंदिर में दिनभर लगी रही भक्तों की कतार

पंजवारा बाजार स्थित संकट मोचन मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. मंदिर का पट सुबह छह बजे खुला और रात नौ बजे तक दर्शन के लिए खुला रहा. मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष महेश मंडल और सचिव विनय भगत ने बताया कि पुजारी बच्चेलाल मिश्रा द्वारा प्रतिदिन श्रृंगार पूजा, आरती, महाआरती, भंडारा और प्रसाद वितरण कराया जाता है. उन्होंने बताया कि प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को संध्या कीर्तन के साथ महाप्रसाद का वितरण भी किया जाता है. मंदिर में आसपास के गांवों के अलावा झारखंड से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे.

भयहरण स्थान और पंचमुखी मंदिर में विशेष पूजा

शहर के भयहरण स्थान एवं बाबूटोला स्थित पंचमुखी मंदिर में भी मंगलवार को विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया. मंदिर का पट सुबह पांच बजे खुलते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. भक्तों ने बजरंगबली का दर्शन कर मनोकामनाएं मांगीं. जिले के अन्य हनुमान मंदिरों में भी संध्या आरती, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण के साथ धार्मिक आयोजन संपन्न हुए.

मंदार के मधुसूदन मंदिर में पूरे दिन चला धार्मिक अनुष्ठान

मंदार स्थित मधुसूदन मंदिर में भी दिनभर विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया. मंदिर के पुजारी ने बताया कि सुबह 7:30 बजे पंडित विंदेश्वरी झा उर्फ पटल झा एवं लक्ष्मण झा ने भगवान का महास्नान कराया. दोपहर 12 बजे भगवान को विशेष भोग अर्पित किया जायेगा. इसके बाद दोपहर एक बजे श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मंदिर का पट पुनः खोला जायेगा. शाम छह बजे श्रृंगार पूजा और भव्य आरती का आयोजन होगा, जबकि शाम सात बजे मंदिर का पट बंद कर दिया जायेगा.


विज्ञापन
चंदन कुमार

लेखक के बारे में

By चंदन कुमार

चंदन कुमार बांका में प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन