लीलावरण सड़क हादसा : दो घरों के चिराग बुझे, दो युवक अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे

Updated:
विज्ञापन

मृत राहुल के घर पर मौजूद भीड़ | Prabhat Khabar Network

बांका के लीलावरण में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं। इलाके में मातम का माहौल है।

विज्ञापन

बौंसी : बाराहाट थाना क्षेत्र के लीलावरण गांव के समीप भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं. अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दलिया निवासी राहुल कुमार गोस्वामी (25) और बौंसी मेला मैदान के समीप रहने वाले मोहम्मद छोटू की मौत हो गयी. वहीं हादसे में घायल आदित्य कुमार (18) और आकाश कुमार (16) का इलाज भागलपुर के मायागंज अस्पताल में चल रहा है.

फोटो कैप्शन : मृत राहुल के घर पर मौजूद भीड़ और मृतक की माँ | Prabhat Khabar Network
मृतक की माँ | Prabhat Khabar Network

अंतिम विदाई में गमगीन हुआ माहौल

गुरुवार को दोनों मृतकों का अंतिम संस्कार कर दिया गया. अंतिम विदाई के दौरान परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो उठा. राहुल की मां उषा देवी और अन्य परिजन बेटे को याद कर बार-बार रो-बिलख रहे थे.

राहुल तीन भाइयों में सबसे छोटा था और गैरेज में मजदूरी कर परिवार की मदद करता था. उसके पिता बबलू गोस्वामी भी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. राहुल की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

मूक-बधिर छोटू की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

दूसरी ओर, मोहम्मद छोटू मूक-बधिर था और मिस्त्री का काम कर परिवार की मदद करता था. उसके परिवार के कई सदस्य भी बोल और सुन नहीं सकते हैं. छोटू की मौत के बाद उसकी पत्नी रुबिदा खातून, मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जाता है कि उसकी पत्नी पांच माह की गर्भवती है.

छोटू का अंतिम संस्कार बाराहाट क्षेत्र के बारापघार गांव स्थित उसके ससुराल में किया गया.

दो छात्र गंभीर, मायागंज अस्पताल में चल रहा इलाज

हादसे में पिंटू गोस्वामी के पुत्र आदित्य कुमार और नन्हे साह के पुत्र आकाश कुमार गंभीर रूप से घायल हैं. दोनों भागलपुर मायागंज अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं. दोनों युवक सीएनडी उच्च विद्यालय के छात्र बताए जा रहे हैं.

परिजनों के अनुसार, आदित्य और आकाश बुधवार रात करीब 8:30 बजे घर से निकले थे. कुछ देर बाद लीलावरण गांव के समीप हुए हादसे की सूचना मिली. देखते ही देखते दोनों परिवारों के साथ पूरे इलाके में मातम पसर गया.

अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है. वहीं, हादसे के लिए जिम्मेदार अज्ञात वाहन की पहचान और उसकी तलाश को लेकर पुलिस कार्रवाई कर रही है.


विज्ञापन
संजीव कुमार

लेखक के बारे में

By संजीव कुमार

संजीव कुमार पाठक प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बौंसी (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन