शिक्षा जागरूकता अभियान को मिलेगी नई गति, 44 ब्लॉक कोऑर्डिनेटरों का दो दिवसीय प्रशिक्षण आज से

Edited by Shruti Kumari
Updated:
विज्ञापन

ग्लोबल बेब फाउंडेशन के गौरव झा और मोनू रंजन

Global Web Foundation Banka: बांका में ग्लोबल वेब फाउंडेशन के 44 ब्लॉक कोऑर्डिनेटरों का प्रशिक्षण आज से. छात्रवृत्ति परीक्षा और शिक्षा जागरूकता अभियान को मिलेगी नई गति.

विज्ञापन

बौसी (बांका) से संजीव पाठक की रिपोर्ट:

Global Web Foundation Banka: आर्थिक रूप से कमजोर, जरूरतमंद एवं अभिभावकविहीन बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के उद्देश्य से कार्यरत ग्लोबल वेब फाउंडेशन द्वारा चयनित 44 ब्लॉक कोऑर्डिनेटरों के लिए 21 और 22 जून को दो दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा. बांका के खेल भवन सभागार में होने वाले इस कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न प्रखंडों से चयनित कोऑर्डिनेटर भाग लेंगे.

छात्रवृत्ति परीक्षा और शिक्षा अभियान की मिलेगी जानकारी

प्रशिक्षण कार्यक्रम में फाउंडेशन के चेयरमैन गौरव झा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. वे प्रतिभागियों को संस्था की कार्यप्रणाली, शिक्षा अभियान की रणनीति, सामाजिक उद्देश्यों और भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी देंगे. साथ ही छात्रवृत्ति परीक्षा संचालन, विद्यालय संपर्क, छात्र चयन प्रक्रिया और जागरूकता अभियान के विभिन्न पहलुओं पर भी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा.

700 आवेदनों में से चुने गए 44 कोऑर्डिनेटर

ब्लॉक कोऑर्डिनेटर चयन प्रक्रिया को लेकर जिले के युवाओं में काफी उत्साह देखने को मिला. फाउंडेशन के अनुसार इस पद के लिए करीब 700 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था. प्रारंभिक स्क्रीनिंग के बाद 176 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया. इसके बाद 16 जून को नियोजनालय परिसर, तेलिया (बांका) में लिखित परीक्षा आयोजित की गई.

परीक्षा परिणाम के आधार पर जिले के 11 प्रखंडों से चार-चार अभ्यर्थियों का चयन किया गया. इस प्रकार कुल 44 ब्लॉक कोऑर्डिनेटरों को अंतिम रूप से चयनित किया गया है. वहीं 44 अभ्यर्थियों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है.

विद्यालयों में चलेगा छात्रवृत्ति एवं जागरूकता अभियान

जिला कोऑर्डिनेटर मोनू रंजन ने बताया कि प्रशिक्षण के समापन के बाद सभी ब्लॉक कोऑर्डिनेटर जिले के विभिन्न विद्यालयों में जाकर छात्रवृत्ति परीक्षा एवं शिक्षा जागरूकता अभियान चलाएंगे. अभियान के माध्यम से जरूरतमंद और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें फाउंडेशन की निःशुल्क ऑनलाइन शिक्षा योजना से जोड़ा जाएगा.

उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों तक शिक्षा संबंधी सुविधाएं पहुंचाना संस्था की प्राथमिकता है. इसके लिए प्रत्येक प्रखंड स्तर पर व्यापक जनसंपर्क अभियान भी चलाया जाएगा.

दो वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय है संस्था

ग्लोबल वेब फाउंडेशन पिछले दो वर्षों से बिहार के विभिन्न जिलों में शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय है. संस्था का मुख्य उद्देश्य बिहार बोर्ड के कक्षा 6 से 12वीं तक अध्ययनरत आर्थिक रूप से कमजोर एवं अभिभावकविहीन विद्यार्थियों को निःशुल्क ऑनलाइन शिक्षा उपलब्ध कराना है.

संस्था का दावा है कि चयनित विद्यार्थियों को स्कूली शिक्षा के साथ-साथ भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी.

जनप्रतिनिधियों ने की पहल की सराहना

फाउंडेशन की इस पहल की विभिन्न जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने सराहना की है. बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश कुमार ने इसे जरूरतमंद बच्चों के लिए सराहनीय प्रयास बताया. वहीं पूरण लाल टुडू ने कहा कि इस अभियान से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को शिक्षा के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे.

बांका एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष देवशीष उर्फ निप्पू पांडे ने भी अभियान की सफलता की कामना करते हुए फाउंडेशन के प्रयासों की प्रशंसा की.

1500 युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य

फाउंडेशन के चेयरमैन गौरव झा ने बताया कि संस्था का लक्ष्य केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है. आने वाले समय में बिहार के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि लगभग 1500 युवाओं को स्थायी रोजगार उपलब्ध कराने के लक्ष्य के साथ विभिन्न योजनाओं पर काम चल रहा है. दो दिवसीय प्रशिक्षण के बाद ब्लॉक कोऑर्डिनेटर शिक्षा जागरूकता अभियान को नई दिशा देंगे और अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों तक संस्था की योजनाओं का लाभ पहुंचाएंगे.

विज्ञापन
Shruti Kumari

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन