बांका में सुबह-सुबह सड़क हादसा, खड़े हाइवा में दूसरे हाइवा ने मारी जोरदार टक्कर, दो चालक घायल
Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 29 May 2026 8:46 AM
विज्ञापन
Banka Accident News :बांका-कटोरिया मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की अहले सुबह तेज धमाके जैसी आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. सड़क किनारे खड़ी खराब हाइवा में पीछे से आ रही दूसरी हाइवा ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.
विज्ञापन
बांका से विभांशु की रिपोर्ट
Banka News : बांका जिले के झिरवा शांतिनगर गांव के समीप शुक्रवार की सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. बांका-कटोरिया मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे खड़ी खराब हाइवा में पीछे से आ रही दूसरी हाइवा ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में दोनों चालकों को गंभीर चोटें आयी हैं, जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी और यातायात बाधित हो गया.तेज आवाज सुन घरों से बाहर निकले लोग
घटना सुबह करीब साढ़े तीन बजे हुई. हादसे के प्रत्यक्षदर्शी भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि उनके घर के सामने अचानक जोरदार आवाज सुनाई दी. आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग नींद से जाग गए. बाहर निकलने पर देखा कि दो हाइवा आपस में टकरायी हुई हैं और दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं.उन्होंने तत्काल डायल 112 पुलिस को घटना की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची.पत्थर और चिप्स लोड थी दोनों हाइवा
स्थानीय लोगों के अनुसार, पीछे से टक्कर मारने वाली हाइवा में पत्थर लोड था, जबकि सड़क किनारे खड़ी खराब हाइवा में चिप्स लोड था. खराब होने के कारण हाइवा पहले से सड़क किनारे खड़ी थी और उसके आगे ईंट रखकर संकेत दिया गया था.इसके बावजूद तेज रफ्तार से आ रही दूसरी हाइवा चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सीधी टक्कर हो गयी. हादसा इतना भीषण था कि टक्कर मारने वाली हाइवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं खड़ी हाइवा भी आगे की ओर खिसक गयी और सामने रखी ईंटें बिखर गयीं.समय रहते टला बड़ा हादसा
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और घायलों को बाहर निकालने में मदद की. दोनों घायल चालकों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर सड़क पर उस समय अन्य वाहन गुजर रहे होते तो बड़ा हादसा हो सकता था.पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने के बाद बांका सदर थाना की डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाने के बाद यातायात को सामान्य कराया गया. पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










